Skip to content

गृह मंत्री अमित शाह का झारखंड दौरा आज, मिशन विधानसभा चुनाव का करेंगे शंखनाद

zabazshoaib


Ranchi: केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह शनिवार को रांची आ रहे हैं। वह झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के अभियान का शंखनाद करेंगे। पार्टी ने रांची के प्रभात तारा मैदान में प्रदेश की विस्तारित कार्यसमिति की सभा बुलाई है, जिसे वह मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करेंगे। इस सभा में प्रदेश, जिला, मंडल स्तर की कार्यसमिति और पार्टी के विभिन्न मोर्चों-प्रकोष्ठों के 26 हजार से ज्यादा पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे।

Advertisement
Advertisement

अमित शाह करेंगे झारखंड में चुनावी शंखनाद

अमित शाह शनिवार को लगभग छह घंटे तक रांची में रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह अपराह्न डेढ़ बजे रांची आएंगे और इसके बाद प्रभात तारा मैदान पहुंचकर प्रदेश भाजपा की विस्तारित कार्यसमिति की सभा में नेताओं-कार्यकर्ताओं में चुनावी समर को लेकर उत्साह भरेंगे। बाद में शाह प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचकर पार्टी के प्रमुख नेताओं और प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति पर विमर्श करेंगे।

ग्राउंड रिपोर्ट के आधार पर भावी उम्मीदवारों की खोज की तैयारी

उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से खबर है कि इस बैठक में मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं से उनके क्षेत्र के विधायक और उनके विधानसभा में पार्टी में टिकट के दावेदारों के विषय पर फ़ीडबैक लिया जाएगा। सूत्र बताते हैं कि उसके अनुसार टिकट के आकांक्षी नेताजी “कितना समय क्षेत्र में रहते हैं”, “कार्यकर्ताओं की कितना सुनते हैं”, “आम लोगों के लिए सहज और सुलभ हैं या नहीं”, इस विषय पर फ़ीडबैक ली जाएगी।

हर विधानसभा से तीन-तीन नाम भेजे जाएंगे। अगस्त के पहले हफ्ते में बीजेपी की पहली लिस्ट जारी करने की योजना है। पहली लिस्ट में 30-35 विधानसभा क्षेत्र के टिकटों का एलान हो सकता है। 20 जुलाई के बाद हिमंत बिस्व सरमा संताल परगना का दौरा करेंगे। सरमा तीन दिनों तक संताल परगना के जिलों में प्रवास करेंगे। जबकि शिवराज कोल्हान में कैंप करेंगे।

बीजेपी ने तैयार कर लिया अपना प्लान

भाजपा ने लोकसभा चुनाव परिणाम के तुरंत बाद राज्य में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने की मुहिम शुरू कर दी है। 18 जून को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड के प्रमुख भाजपा नेताओं के साथ दिल्ली में बैठक की थी, जिसमें तय हुआ था कि अगले पांच महीने के चुनावी अभियान के लिए ब्लूप्रिंट तैयार किया जाए। इसके लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को राज्य में चुनाव प्रभारी और असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा को सह प्रभारी नियुक्त किया गया। इन्हें टास्क सौंपा गया है कि लोकसभा चुनाव में जहां भी कमी रही गई, वहां डैमेज कंट्रोल की प्रभावी योजना बनाई जाए। एक-एक बूथ पर मिले वोट को ध्यान में रखकर काम हो। पिछले तीन हफ्तों के दौरान शिवराज सिंह चौहान और हिमंता बिस्वा सरमा ने तीन बार झारखंड के अलग-अलग इलाकों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। पार्टी की ओर से पिछले 5 जुलाई से लेकर 16 जुलाई तक सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में विजय संकल्प सभाओं का आयोजन किया गया और बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।