Skip to content

BBMKU Dhanbad: राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने बीबीएमकेयू में नवनिर्मित बिनोद बिहारी महतो की प्रतिमा का किया अनावरण

zabazshoaib

BBMKU Dhanbad: बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय धनबाद के परिसर में झारखंड राज्य के अगुवा, पुरोधा और मार्गदर्शक बिनोद बिहारी महतो की प्रतिमा का राज्यपाल- सह -कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने संयुक्त रूप से अनावरण किया। इस अवसर पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने बिनोद बिहारी महतो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बिनोद बिहारी महतो के नाम से स्थापित यह विश्वविद्यालय बहुत कम समय में ही कई नए आयाम गढ़ रहा है। विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के क्षेत्र में यह विश्वविद्यालय तेजी से आगे बढ़ रहा है।

शिक्षा व्यवस्था को बना रहे बेहतर

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की भौगोलिक संरचना के मद्देनज़र यहां के लोगों को अधिक से अधिक सुविधा मुहैया करने के लिए हमारी सरकार कई कदम उठा रही है। इसी कड़ी में बिनोद बिहारी महतो विश्वविद्यालय की स्थापना धनबाद जिले में की गई, ताकि यहां के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिल सके। आज यह विश्वविद्यालय पूरे राज्य की शोभा बढ़ा रहा है । यहां के विद्यार्थियों का भविष्य संवारने का काम यह विश्वविद्यालय बखूबी निभा रहा है।

शहीदों और झारखंड आंदोलनकारी के नाम पर कई संस्थानों का नामकरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड आंदोलन की उपज है। इसी वजह से यह राज्य शहीदों के नाम से जाना जाता है। इस राज्य के निर्माण में हमारे पूर्वजों का अहम योगदान रहा है । ऐसे में अपने शहीदों और आंदोलनकारियों को सम्मान देने की परंपरा हम निभाते आ रहे हैं। इसी कड़ी में कई संस्थानों का नामकरण यहां के शहीदों के नाम से किया गया है। धनबाद का बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय भी इसी का परिचायक है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य के कई शहर – गांव , टोला- मोहल्ला और गली शहीदों के नाम से जाने जाते हैं । यहां के चौक -चौराहों पर हमारे शहीदों, आंदोलनकारियों की लगी प्रतिमा यह बताने के लिए काफी है कि इस राज्य के निर्माण में उनका कितना अहम योगदान रहा है। हम अपने शहीदों एवं आंदोलनकारियों के सम्मान की खातिर उनके कार्यो को स्थापित करने की दिशा में निरंतर कदम बढ़ा रहे हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में किए गए बदलाव का दिख रहा परिणाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे प्राथमिक शिक्षा हो या माध्यमिक अथवा उच्च शिक्षा। हमारी सरकार ने काफी कम समय में शिक्षा के क्षेत्र में जो बदलाव किए हैं, उसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे है । सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सीमित संसाधनों के बीच इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे ही कई और बदलाव करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षा की गुणवत्ता में वृद्धि और उसकी कमियों को दूर करने का प्रयास निरंतर जारी है।

संसद में बिनोद बिहारी के साथ रहे: राज्यपाल संतोष गंगवार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल सतोष गंगवार ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड को और भी आगे ले जाना है. उन्होंने कहा कि वे बिनोद बिहारी के साथ संसद में रहे. राज्यपाल ने कहा कि वे बिनोद बिहारी और उनके परिवार के साथ अच्छे से परिचित हैं. उन्होंने कहा कि बिनोद बिहारी महतो की सक्रियता और सोच का परिणाम है. उन्होंने समाज में शिक्षा को बढ़ावा दिया. उन्होंने कहा कि बिनोद बिहारी की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को यह स्मरण कराते रहेगी.राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि उच्च शिक्षा में राज्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है. लेकिन उम्मीद है कि यह विश्वविद्यालय इस दिशा में बेहतर करने का प्रयास करेगी. उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा में देश कैसे आगे बढ़े लोगों की इसकी चिंता होनी चाहिए. विद्यार्थियों का कार्य पढ़ना, शिक्षक का कार्य उन्हें पढ़ाना और अधिकारियों का कार्य है कि वे पुल की तरह काम करें. मौलिकता ही देश की प्रगति में सहायक हो, हमें ऐसा वातावरण विद्यार्थियों को देना होगा.

इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, विधायक मथुरा प्रसाद महतो, विधायक अरुप चटर्जी, विधायक चंद्रदेव महतो, विधायक राज सिन्हा, विधायक उमाकांत रजक, विधायक जयमंगल सिंह, विधायक शत्रुघ्न महतो , विधायक जयराम महतो, झारखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष बेबी देवी समेत कई अन्य गणमान्य लोगों सहित बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ आर के सिंह और जिले के उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक तथा विश्वविद्यालय एवं जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे।