Koderma: जिला प्रशासन को लगातार फ्लाई ऐश की ढोलाई में अनियमितता बरते जाने की सूचनाएँ प्राप्त हो रही थीं। अनियमित ढोलाई से वायु एवं जल प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है, जिससे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका उत्पन्न हो गई थी। उक्त स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त कोडरमा के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी रिया सिंह के नेतृत्व में सघन वाहन जाँच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान फ्लाई ऐश लदी कुल नौ गाड़ियों को पकड़ा गया, जिनमें से कुछ ओवरलोड थीं और कुछ के कागजात में खामियाँ और वाहन पूरी तरह से कवर नहीं पाया गया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों पर आवश्यक दंडात्मक कार्यवाही की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी श्री विजय कुमार सोनी के द्वारा उचित जुर्माना लगाया गया तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 152 एवं दंड प्रक्रिया संहिता (CRPC) की धारा 133 के अंतर्गत वाहन मालिकों को नोटिस जारी किया गया।
फ्लाई ऐश के व्यवसाय से जुड़े संबंधित लोगों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए। इनमें प्रमुख रूप से निम्नलिखित निर्देश शामिल हैं:
- ढोलाई के दौरान वाहन को पूरी तरह से ढकना अनिवार्य होगा।
- किसी भी प्रकार के लीक या रिसाव को सख्ती से रोका जाए।
- वाहन में फ्लाई ऐश का परिवहन निर्धारित मानक वजन के अनुसार किया जाए।
इस मौके पर परिवहन विभाग के अधिकारी एवं स्थानीय प्रशासन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संरक्षण एवं जनस्वास्थ्य की दृष्टि से ऐसी अनियमितताओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और भविष्य में भी ऐसे अभियानों को नियमित रूप से चलाया जाएगा।