Jharkhand News– रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए उसे झूठ और दुष्प्रचार की सबसे बड़ी फैक्ट्री बताया है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा जनता का विश्वास खो चुकी है और अब झूठे आंकड़ों तथा साम्प्रदायिक जहर के सहारे राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड की किसी भी सीमा से अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर नहीं जुड़ता। ऐसे में यदि कहीं घुसपैठ हुआ है तो इसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय और उसकी एजेंसियों की है। भाजपा को इस मुद्दे पर राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा करने के बजाय केंद्र से जवाब मांगना चाहिए। यदि भाजपा के पास कोई प्रमाणिक दस्तावेज हैं तो उसे राज्य सरकार को सौंपना चाहिए ताकि उस आधार पर केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की जा सके।
विनोद पांडेय ने आगे कहा कि भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधते हुए विनोद पांडे ने कहा कि वे आदिवासी–मूलवासी समाज को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि भाजपा के शासनकाल में झारखंड बेरोजगारी, पलायन और भ्रष्टाचार की दलदल में धंसा। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अधिकार के क्षेत्र में ठोस काम कर रही है, जिससे भाजपा की जमीन खिसक रही है और वह अफवाहों की राजनीति पर उतर आई है।
उन्होंने ने साफ किया कि आदिवासी–मूलवासी कीयू पहचान और अधिकार सर्वोपरि है, जिसे कोई बदल नहीं सकता। पार्टी ने दावा किया कि जनता भाजपा के भ्रम फैलाने के प्रयासों का करारा जवाब देगी।
श्री पांडेय ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा एसआईआर के माध्यम से मतदाताओं को प्रभावित करने की साजिश रच रही है, लेकिन अंततः फैसला जनता की अदालत में होगा। पार्टी ने कहा कि 2024 के चुनाव में झारखंड की जनता ने इंडिया गठबंधन को समर्थन देकर भाजपा को आईना दिखा दिया था और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।