Skip to content
ASSAM NEWS
ASSAM NEWS

ASSAM NEWS:संताल लिबरेशन आर्मी प्रमुख रोहित मुर्मू मुठभेड़ में ढेर, असम पुलिस की बड़ी सफलता

Megha Sinha
ASSAM NEWS
ASSAM NEWS

ASSAM NEWS:असम पुलिस ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई में संताल लिबरेशन आर्मी (SLA) के प्रमुख रोहित मुर्मू उर्फ एपिल मुर्मू को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मुठभेड़ असम के कोकराझार जिले के सलाकाटी थाना क्षेत्र के नादंगुरी इलाके में हुई। रोहित मुर्मू के खिलाफ झारखंड के साहिबगंज और गोड्डा जिलों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें अपहरण, हत्या और रेलवे ट्रैक पर विस्फोट जैसी घटनाएं शामिल थीं। पुलिस के लिए यह कार्रवाई राहत भरी मानी जा रही है क्योंकि लंबे समय से वह सुरक्षा एजेंसियों की पकड़ से बाहर था। बताया जाता है कि वह पहले राष्ट्रीय संथाल मुक्ति सेना का सदस्य था, लेकिन बाद में संगठन के विघटन के बाद उसने अपनी नई उग्रवादी संगठन ‘संताल लिबरेशन आर्मी’ का गठन किया था, जो धीरे-धीरे साहिबगंज और आसपास के इलाकों में सक्रिय हो गया था।

रोहित मुर्मू का नाम पहली बार तब चर्चा में आया जब जून 2020 में संताल लिबरेशन आर्मी ने मोतीपहाड़ी निवासी अरुण साह का अपहरण किया था। उस घटना के दौरान बरहेट में पुलिस और SLA के बीच हुई मुठभेड़ में सहायक अवर निरीक्षक चंद्राय सोरेन शहीद हो गए थे। इसके बाद अरुण साह की हत्या कर दी गई थी। इन घटनाओं के बाद से पुलिस ने उसे वांछित अपराधी घोषित कर रखा था। वर्ष 2024 में उसने बरहेट थाना क्षेत्र के रांगा घुट्टू गांव के पास रेल लाइन को उड़ा दिया था, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई थीं। हाल ही में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अलीपुरद्वार डिवीजन में हुए विस्फोट में भी उसका नाम सामने आया था। बरहेट थाना प्रभारी पवन कुमार के सहयोग से असम पुलिस ने उसके ठिकाने का पता लगाया और रविवार को उसे एनकाउंटर में मार गिराया। पुलिस अब उसके नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश में जुट गई है।