Skip to content
Jharkhand State Foundation Day
Jharkhand State Foundation Day

Jharkhand State Foundation Day 2025 : कोडरमा में झलक उठा 25 वर्षों का गौरव, रजत जयंती समारोह शानदार कार्यक्रमों के साथ संपन्न

Jharkhand State Foundation Day
Jharkhand State Foundation Day

Jharkhand State Foundation Day 2025 : Jharkhand State Foundation Day झारखंड रजत जयंती समारोह 2025 का भव्य आयोजन कोडरमा के बागीटांड स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज ऑडिटोरियम में अतुलनीय उत्साह और सम्मान के साथ संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। पूरे परिसर में पारंपरिक वेशभूषा, लोक संस्कृति और आदिवासी परंपराओं की झलक ने उत्सव का वातावरण और भी भव्य बना दिया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की बच्चियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने समारोह को भावनात्मक और सांस्कृतिक ऊर्जा से भर दिया। जिले की महत्ता, झारखंड के संघर्षमय इतिहास और 25 वर्षों की विकास यात्रा पर अधिकारियों ने प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनता का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी अद्भुत प्रस्तुतियों से पूरे ऑडिटोरियम को तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजा दिया। ‘हमर सोना झारखंड’, ‘आदिवासी जंगल का रखवाला रे’ जैसे लोकगीतों पर प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने दर्शकों को झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया। कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की वीरगाथा पर आधारित नृत्य नाटिका को दर्शकों ने स्टैंडिंग ओवेशन दिया। रजत जयंती समारोह में आयोजित रैंप वॉक के माध्यम से झारखंड के महापुरुषों और आंदोलनकारियों के योगदान को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसने कार्यक्रम की भव्यता और सांस्कृतिक विविधता को और उजागर किया। अधिकारियों के प्रेरणादायक उद्बोधनों में राज्य के विकास, वंचित समुदायों तक योजनाओं की पहुंच और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता झलकी।

समारोह में झारखंड आंदोलनकारियों का गरिमामय सम्मान किया गया, साथ ही शिक्षा, कला और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लाभुकों को सामुदायिक वन अधिकार पट्टा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान भारत कार्ड, बकरा विकास योजना राशि, सड़क सुरक्षा प्रोत्साहन राशि सहित कई परिसंपत्तियों और प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। रजत जयंती वर्ष का यह भव्य आयोजन संस्कृति, विकास, सम्मान और सामाजिक सरोकारों का अनोखा संगम बनकर उभरा, जिसने न केवल कोडरमा बल्कि पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया। कार्यक्रम का समापन जिला शिक्षा पदाधिकारी अविनाश राम के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।