

IND vs SA : आगामी 30 नवंबर को राजधानी रांची के JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले क्रिकेट मैच को लेकर तैयारियां पूरी गति से जारी हैं। JSCA अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मैच से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी।
JSCA अध्यक्ष ने बताया कि भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें 27 नवंबर को रांची पहुंचेंगी और 28 एवं 29 नवंबर को स्टेडियम में अभ्यास करेंगी।
टिकटों की बिक्री 21 नवंबर से ऑनलाइन “जिनी” ऐप के माध्यम से सुबह 11 बजे शुरू होगी। बच्चों को भी स्टेडियम में प्रवेश के लिए टिकट लेना अनिवार्य होगा। 25 नवंबर से JSCA स्टेडियम में 6 काउंटरों के माध्यम से ऑफलाइन टिकट बिक्री शुरू होगी। इसमें दो काउंटर उन लोगों के लिए आरक्षित होंगे जिन्होंने ऑनलाइन टिकट खरीदे होंगे, एक काउंटर महिलाओं के लिए अलग रखा गया है, और बाकी तीन सामान्य टिकट बिक्री के लिए खुलेंगे। प्रत्येक व्यक्ति अधिकतम दो टिकट ही खरीद सकेगा।
टिकटों पर दर्शकों के लिए प्रवेश द्वार का उल्लेख होगा और दर्शकों को केवल उसी गेट से प्रवेश करना होगा। स्टेडियम में किसी भी प्रकार का मेमेंटो या प्रतिबंधित सामान ले जाना मना होगा।
मैच के दिन प्रवेश सुबह 10:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक रहेगा, इसके बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। अगर कोई दर्शक मैच के दौरान बाहर निकलता है, तो वह पुनः उसी टिकट से प्रवेश नहीं कर सकेगा।
दर्शकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था प्रभात तारा मैदान में की गई है। टिकट की कीमतें 1200 रुपये से शुरू होकर अधिकतम 12,000 रुपये तक होंगी।









