
Jharkhand News : रांची स्थित भगवान बिरसा जैविक उद्यान और विशाखापट्टनम के इंदिरा गांधी जैविक उद्यान के बीच वन्यजीव आदान-प्रदान कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा हुआ। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के दिशानिर्देशों के तहत संचालित इस प्रक्रिया में रांची से हिमालयन काला भालू, स्पॉटेड डव, सिल्वर तीतर और घड़ियाल भेजे गए। बदले में विशाखापट्टनम से वाइल्ड डॉग (डोल), काला हंस, ग्रे पेलिकन, मॉनिटर लिज़र्ड, एलेक्जेंड्रीन पाराकीट और बार्न आउल रांची लाए गए।
उद्यान के निदेशक जब्बर सिंह ने बताया कि नई प्रजातियों का आगमन जैव विविधता संरक्षण के प्रयासों को मजबूती देगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न प्रजातियों की संख्या बढ़ाना, आनुवंशिक संतुलन को मजबूत करना और लुप्तप्राय जीवों के संरक्षण में वैज्ञानिक सहयोग को बढ़ावा देना है। इस दौरान सहायक वन संरक्षक अशोक कुमार सिंह, पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ओम प्रकाश साहू, वरिष्ठ जीव विज्ञानी विवेकानंद कुमार सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।
