Skip to content
CM Hemant soren
CM Hemant soren

Jharkhand Politics: ‘ऑपरेशन कोल्हान’ में जुटे सीएम हेमंत सोरेन, चंपाई की बगावत पर कार्यकर्ताओं में नाराजगी; बढ़ाया जोश

CM Hemant soren
CM Hemant soren

Jharkhand Politics: मुख्यमंत्री सह झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कोल्हान की चुनावी रणनीति को धार दे दी है। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा है कि कार्यकर्ता ही संगठन की असली पूंजी हैं और कार्यकर्ता ही नेता बनाते हैं। उन्होंने शनिवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में सरायकेला-खरसावां जिला की विस्तारित बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मुख्य रूप से सांगठनिक विषयों और आसन्न विधानसभा आम चुनाव के सन्दर्भ में चर्चा की गई।

बैठक के दौरान कोल्हान प्रमंडल की चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि गठबंधन की सरकार शहर से लेकर गांव तक के गरीब, जरूरतमंद, आदिवासी, मूलवासी, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, महिला, छात्र, युवा, किसान, मजदूर हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाओं को क्रियान्वित कर रही है। कार्यकर्ता इन योजनाओं को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं। लोगों को जागरूक करें और सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान इन योजनाओं का लोग लाभ उठा सकें, इसके लिए उन्हें जागरूक करने के काम में और बढ़-चढ़कर जुटें।

बैठक में मुख्य रूप से पार्टी की केंद्रीय उपाध्यक्ष सविता महतो, केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय, केंद्रीय सचिव गणेश चौधरी, सरायकेला-खरसावां जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, जिला सचिव बुद्धेश्वर मरांडी, विराम माझी, रुद्र प्रताप महतो, भोमरा माझी, कमलेश्वर महतो, दशमत मारडी, वीरेंद्र प्रधान, अमृत महतो, गोरा बर्मन, शोकेन हेंब्रम, उदय मंडी आदि शामिल हुए।

कोल्हान में झामुमो को जीत दिलाने का संकल्प


बैठक के दौरान सरायकेला-खरसावां जिला के अंतर्गत पार्टी के सभी केंद्रीय पदाधिकारी एवं सदस्य, जिला समिति के सभी पदाधिकारी, नगर समिति के सभी पदाधिकारी, प्रखंड समिति के अध्यक्ष एवं सचिव, वर्ग संगठनों के अध्यक्ष एवं सचिव और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए और अपनी बातें रखी। इस दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के बागी होने पर नाराजगी जताई और विधानसभा चुनाव में झामुमो को जीत दिलाने का संकल्प दोहराया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि व्यक्ति संगठन से बड़ा नहीं हो सकता। झामुमो कार्यकर्ताओं ने इस प्रकरण को लेकर अपने गुस्से का इजहार किया। कार्यकर्ताओं में हेमंत सोरेन ने जोश भरा।

हर कार्यकर्ता को पूरा सम्मान हासिल: विनोद


झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कार्यकर्ताओं से कहा कि झारखंड में भाजपा की ओर से भविष्य में पैदा की जाने वाली परिस्थितियों से झामुमो वाकिफ है। उन्होंने कहा कि 1980 में चंपाई सोरेन झामुमो में शामिल हुए और तब से वह गुरुजी के संघर्षों में साथ रहे। यही वजह है कि चंपाई सोरेन को सम्मान से चंपाई दा पुकारा जाता है, पार्टी ने उन्हें संगठन, विधानसभा, संसद और जब भी सत्तासीन हुई मंत्री बनाया। जो सम्मान और अवसर चंपाई सोरेन को हासिल हुआ उतना परिवार और पार्टी में शायद ही किसी को मिला हो। यही मान सम्मान आज भी पार्टी के हर समर्पित कार्यकर्ता को हासिल है।