

Jharkhand News : “सुर्खियों के भूखे हैं निशिकांत दुबे, बकवास बोलना ही भाजपा में पहचान बनाने का तरीका”
Jharkhand News : पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने सांसद निशिकांत दुबे के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी की राजनीति को नफरत और विभाजन पर आधारित बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा में मर्यादा, संविधान और सामाजिक समरसता के लिए कोई स्थान नहीं बचा है।
Jharkhand News : झारखंड की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा दिए गए हालिया बयान पर कड़ी और तल्ख प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा में वही नेता सम्मान और पद पाते हैं, जो देश की महान विरासत, संविधान और समाज के कमजोर तबकों के खिलाफ ज़हर उगलने में माहिर हों। फुरकान अंसारी के अनुसार, भाजपा की राजनीति अब विचारधारा नहीं बल्कि नफरत, गाली-गलौज और विवाद पैदा करने की होड़ बन चुकी है।
फुरकान अंसारी ने कहा कि भाजपा में नेहरू, गांधी, अंबेडकर, संविधान, आदिवासी, अल्पसंख्यक, दलित, किसान और गरीबों के खिलाफ बोलना ही योग्यता का पैमाना बन गया है। जो जितनी बड़ी और ओछी भाषा बोले, पार्टी में उसकी उतनी ही “पूछ” बढ़ जाती है। यही वजह है कि केंद्र सरकार में बैठे कई मंत्री और सांसद बार-बार अनर्गल, विवादित और शर्मनाक बयान देते हैं, लेकिन पार्टी न केवल उन्हें संरक्षण देती है बल्कि अप्रत्यक्ष रूप से प्रोत्साहित भी करती है।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सांसद निशिकांत दुबे इसी मानसिकता के प्रतिनिधि हैं। भाजपा में प्रासंगिक बने रहने और सुर्खियों में छाए रहने के लिए वे जानबूझकर बकवास और भड़काऊ बयान देते हैं। सच्चाई यह है कि बिना विवाद फैलाए भाजपा में उनकी कोई राजनीतिक पहचान नहीं है। इसलिए वे बार-बार समाज को बांटने वाली, नफरत फैलाने वाली और देश की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली बातें करते रहते हैं।
फुरकान अंसारी ने कांग्रेस पार्टी की नीति और संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा भाजपा से बिल्कुल अलग है। कांग्रेस के पास भी भाजपा नेताओं के कई गंभीर आरोपों और विफलताओं की लंबी सूची है, लेकिन पार्टी ने कभी किसी के निजी जीवन पर हमला नहीं किया और न ही घटिया भाषा को राजनीति का हथियार बनाया। क्योंकि कांग्रेस संविधान, नैतिकता और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करती है।
उन्होंने आगे कहा कि इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी आज एक ऐसी पार्टी बन चुकी है, जिसके पास न कोई स्पष्ट सिद्धांत है, न नैतिक आधार और न ही लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान। भाजपा का एकमात्र उद्देश्य किसी भी कीमत पर सत्ता में बने रहना है—चाहे इसके लिए देश को गुमराह करना पड़े, नफरत फैलानी पड़े या जनता का ध्यान महंगाई, बेरोज़गारी, किसानों की बदहाली और बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसे असली मुद्दों से भटकाना पड़े।
फुरकान अंसारी ने कहा कि आज देश की जनता सब कुछ देख और समझ रही है। भाजपा की खोखली बयानबाज़ी और नफरत की राजनीति से जनता ऊब चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि समय आने पर जनता लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा को करारा और माकूल जवाब देगी। नफरत और झूठ की राजनीति ज्यादा दिन नहीं चल सकती और अंततः जीत संविधान, भाईचारे और लोकतंत्र की ही होगी।