

Giridih : भीड़ के हल्ले और चश्मदीदों के आरोपों के आधार पर पुलिस कार्रवाई, बंगाल से हुई मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी
Giridih के चर्चित गोलीकांड मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम श्रीवास्तव उर्फ शिवम आजाद समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। डीसी और एसपी ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया और कहा कि गोली शिवम द्वारा चलाई गई थी।

Giridih : जिले के बहुचर्चित गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पचम्बा थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम श्रीवास्तव उर्फ शिवम आजाद समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।
प्रेसवार्ता में बताया गया कि गिरफ्तार आरोपियों में Giridih थाना क्षेत्र के ऑफिसर कॉलोनी निवासी अमित विश्वकर्मा, झिंझरी मुहल्ला के आकाश हांडी, पचम्बा थाना क्षेत्र के भंडारीडीह निवासी मंजीत पासवान और किशोर पासवान शामिल हैं। मुख्य आरोपी शिवम को जमीन माफिया विशाल मंडल के निशानदेही पर पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया।
Giridih एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि शिवम की निशानदेही पर एक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। एक कारतूस पिस्तौल के साथ मिला, जबकि दूसरा जिंदा कारतूस आजाद नगर के हरिजन टोला क्षेत्र से बरामद किया गया। पुलिस का दावा है कि बरामद हथियार का इस्तेमाल ही गोलीकांड में किया गया था।
डीसी और एसपी ने संयुक्त रूप से कहा कि घटना के समय मौजूद भीड़ की ओर से यह हल्ला मचा था कि शिवम ने ही गोली चलाई है। गोली चलने के तुरंत बाद समीम और सबीर अंसारी के मुहल्ले के लोगों ने शिवम का नाम लिया। पुलिस ने इसे जांच का महत्वपूर्ण आधार माना।
घटना के बाद घायल समीम रायन की पत्नी रवीना खातून ने पचम्बा थाना में आवेदन देकर शिवम और उसके सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और निष्पक्ष जांच की जाएगी।

प्रेसवार्ता के दौरान यह भी बताया गया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट सह प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी महेश के आवेदन के आधार पर भी पचम्बा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। हालांकि पुलिस ने मुख्य रूप से पीड़ित पक्ष और परिजनों के आरोपों को प्राथमिकता देते हुए कार्रवाई की।
फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी भी जारी है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उस पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिले में इस गोलीकांड के बाद तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है और शांति बनाए रखने की अपील की गई है। डीसी और एसपी ने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा तेज है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।