Koderma: कोडरमा जिले में हाथी के दस्तक ने एक बार फिर से ग्रामीणों में भय पैदा कर दिया है। बताते चलें कि बीते 4 माह पूर्व हाथियों के एक झुंड ने कोडरमा जिले के जयनगर व मरकच्चो प्रखण्ड के विभिन्न गांवों में जमकर उत्पात मचाया था। जिसमें हाथियों के झुंड ने किसानों के फसलों के साथ साथ कई गरीबों के आशियाने तक उजाड़ दिए थे। वहीं हाथियों के झुंड ने आधे दर्जन से अधिक लोगों की जान तक ले ली थी। एक समय ऐसा था जब शाम को या दिन में लोग जंगलों की ओर अपने मवेशी तक चराने जाने से डरते थे। करीब 3 महीने तक उत्पात मचाने के पश्चात वन विभाग की टीम उन्हें कोडरमा के इलाकों से भगाने में सफल हो पाई थी। इधर बुधवार की रात जयनगर प्रखण्ड के गांवों में बीती रात एक बार फिर से हाथियों के झुंड को देखा गया है। जिससे आसपास के ग्रामीणों में फिर से दहशत फैल गया है।
गड़गी में दिखा 40 हाथियों का झुंड
बताते चलें कि बुधवार की शाम जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़गी गांव के आसपास के क्षेत्र में 40 हाथियों के एक झुंड को देखा गया। हाथियों के झुंड को देखते ही ग्रामीण सचेत हो गए। इसके पश्चात उनके द्वारा इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। वहीं वन विभाग के पहुंचने तक ग्रामीणों द्वारा आग जलाकर हाथियों को भगाने का प्रयास किया गया। वहीं देर रात वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और हाथियों के झुंड को उक्त क्षेत्र से खदेड़ने में जुट गई। बताते चलें कि धान की फसल तैयार हो चुकी है और अब उसके कटाई का समय आ चुका है। ऐसे में किसानों को यह भय है कि हाथियों का झुंड कहीं उनके फसल को नष्ट न कर दे।