Skip to content

Koderma News: कोडरमा में निलंबित पुलिस जवान की आत्महत्या, पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि; परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल

Koderma: कोडरमा जिले के चंदवारा पुलिस लाइन में दो दिन पूर्व निलंबित पुलिस जवान द्वारा सल्फास खा कर आत्महत्या कर लेने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। मृतक पुलिस जवान मंसूर आलम का शव बुधवार की देर रात कोडरमा पहुंचा और सुबह उसके पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि देने हेतु चंदवारा के पुलिस लाइन ले जाया गया। जहां उसकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया गया। वहीं जिले के पुलिस कप्तान अनुदीप सिंह, मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह, एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारियों व जवानों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

बताते चलें कि मृतक पुलिसकर्मी जो कि पुलिस विभाग में चालक के पद पर कार्यरत था, वो पिछले 3 माह से निलंबित भी था। कार्य में लापरवाही और शराब के नशे में ड्यूटी करने के आरोपों को लेकर उसपर निलंबन किए जाने की बात मुख्यालय डीएसपी ने कही थी। इधर आत्महत्या से पूर्व मंसूर आलम ने एक वीडियो जारी किया था। जिसमें उनके द्वारा जयनगर थाना प्रभारी बबलू सिंह, एइसआई अरविंद हांसदा व डोमचांच थाना प्रभारी ओम प्रकाश यादव तथा सपही पिकेट प्रभारी पर उनके खिलाफ झूठा आरोप लगाकर निलंबन का आरोप लगाया गया था। इधर इस वीडियो के वायरल होते ही पुलिस मेन्स एसोसिएशन व अल्पसंख्यक मोर्चा हरकत में आई और इस आत्महत्या को साजिश बताया जाने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मंसूर को झूठे मामलों में फंसाया गया, जिससे वह निलंबित हुआ और इसके कारण वह तनाव में रहने लगा। जिसके कारण उसने मजबूरन आत्महत्या के मार्ग को अपनाया। बताते चलें कि मृतक की दो बीवियां हैं और उनके पांच बच्चे हैं। मृतक की पत्नी ने बताया कि निलंबन के पश्चात नियमतः उन्हें आधी तनख्वाह मिलनी चाहिए थी, लेकिन पुलिस विभाग के कुछ कर्मियों के द्वारा उनका पूरा वेतन ही रोक दिया गया। जिससे उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हुई और वे तनाव में जीने लगे। उन्होंने बताया कि वे अपने निलंबन को खत्म करने या तो निलंबन के दौरान आधी तनख्वाह की मांग को लेकर कई बार एसपी से मिले, पर उनकी बातों को अनसुनी कर दी गई और अंततः उन्होंने आत्महत्या कर ली।

इधर चंदवारा पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा के उपरांत मृतक के परिजनों ने एसपी अनुदीप सिंह से इस मामले की निष्पक्ष जाँच कर उचित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि मृतक के द्वारा आत्महत्या से पूर्व जारी वीडियो में जिन जिन पुलिसकर्मियों का नाम उनके द्वारा लिया गया है, उन्हें अविलंब निलंबित किया जाय और उनपर विभागीय कार्रवाई बजी हो।

एसपी अनुदीप सिंह ने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वे हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि मृतक के इस मामले की निष्पक्ष जांच होगी। इसमें जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ विधी संवत कार्रवाई की जाएगी।