Koderma: कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जिस विषैले सांप को एक सर्प मित्र ने तीन दिन पहले सुरक्षित रेस्क्यू किया था, उसी सांप ने शनिवार को उन्हें डंस लिया। घटना के बाद उन्हें तत्काल कोडरमा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई को डगरनवां पंचायत के फुटलहिया स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय में एक विषैले सांप ने छात्र दिलीप मुर्मू को डंस लिया था। सूचना मिलते ही देवीपुर-खेशमी गांव निवासी सर्प मित्र शिबू पंडित मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया।
शिबू पंडित ने बताया कि उन्होंने सांप को तुरंत जंगल में नहीं छोड़ा, बल्कि अपने संरक्षण में रखा ताकि यह पुष्टि हो सके कि छात्र को उसी सांप ने काटा था। छात्र के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद शनिवार को वे सांप को चंचालधाम जंगल में छोड़ने पहुंचे। इसी दौरान अचानक सांप ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें डंस लिया।
सांप के काटते ही शिबू पंडित को चक्कर और घबराहट महसूस होने लगी। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद शिबू पंडित ने वन विभाग से मांग की है कि सर्प रेस्क्यू करने वाले स्वयंसेवकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण और सेफ्टी किट उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना है कि बिना सुरक्षा संसाधनों के विषैले सांपों का रेस्क्यू करना जानलेवा साबित हो सकता है।
यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि वन्यजीवों के रेस्क्यू में लगे स्वयंसेवक किस तरह अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सुरक्षा करते हैं। ऐसे सर्प मित्रों को उचित प्रशिक्षण, सुरक्षा उपकरण और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।
![]()
