Koderma News : कोडरमा में देर रात पुलिस की कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां मोड़ स्थित बाबा होटल एंड बैंक्वेट में देह व्यापार की गुप्त सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। छापेमारी के दौरान कई युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आधिकारिक खुलासे का इंतजार है।
सूत्रों के मुताबिक, बाबा होटल एंड बैंक्वेट में कथित देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमा अलर्ट हो गया। पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया और देर रात होटल में अचानक छापेमारी की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से होटल परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
छापेमारी के दौरान होटल से करीब आधा दर्जन युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया। सभी को पूछताछ के लिए चंदवारा थाना लाया गया है। पुलिस सभी से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि सूचना कितनी सही थी और इस मामले में किन-किन लोगों की भूमिका है। जांच पूरी होने के बाद ही पुलिस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा करेगी।
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है, जब चंदवारा क्षेत्र में इस तरह की कार्रवाई हुई हो। करीब दो वर्ष पहले जमुखाड़ी स्थित झील रेस्टोरेंट में भी पुलिस ने कथित देह व्यापार के मामले में छापेमारी कर संचालक समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उसके बाद से बाबा लाइन होटल में भी इस तरह की गतिविधियों की चर्चा होती रही है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है। इस पूरे मामले पर अब सभी की नजर पुलिस की आधिकारिक जांच रिपोर्ट पर टिकी है।

