Skip to content

Koderma News : कोडरमा में कांवरियों से भरी बस ट्रक से टकराई, 10 साल के बच्चे की मौत, 15 घायल

Megha Sinha

Koderma News : सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास शुक्रवार तड़के हुआ दर्दनाक हादसा, चालक को नींद आने की आशंका; गंभीर घायलों को सदर अस्पताल रेफर

Koderma News : झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में देवघर से लौट रही कांवरियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में 10 वर्षीय शिवम कुमार की मौत हो गई, जबकि करीब 15 श्रद्धालु घायल हुए हैं। पुलिस ने राहत-बचाव कर सभी यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया।

Koderma News : कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में शुक्रवार की अहले सुबह देवघर-नवादा मुख्य मार्ग पर पोखरडीहा मोड़ के समीप कांवरियों से भरी एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में करीब 15 कांवरिया घायल हो गए, जबकि 10 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवम कुमार के रूप में हुई है।

Koderma News : कोडरमा में कांवरियों से भरी बस ट्रक से टकराई, 10 साल के बच्चे की मौत, 15 घायल 1

जानकारी के अनुसार, नेपाल के रौहट जिले से करीब चार दिन पहले कांवरियों का जत्था देवघर में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए निकला था। दर्शन के बाद बस शुक्रवार की अहले सुबह राजगीर (बिहार) के लिए रवाना हुई। इसी दौरान पोखरडीहा मोड़ के पास बस चालक को नींद आने की वजह से बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई कांवरिया बस के अंदर फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही सतगावां पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद बस में फंसे सभी कांवरियों को बाहर निकाला और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

सतगावां थाना प्रभारी बबलू सिंह ने बताया कि बस में करीब 45 कांवरिया सवार थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रातभर बस चलाने के कारण चालक को हल्की नींद आ गई थी, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि सभी कांवरियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

हादसे में करीब 15 लोग घायल हुए हैं। बस के केबिन में बैठे करीब आधा दर्जन कांवरियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। वहीं, इस दुर्घटना में 10 वर्षीय शिवम कुमार की मौत हो गई।