Jharkhand News : झामुमो का दावा— छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन को भाजपा बना रही राजनीतिक अखाड़ा, जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा पर भी साधा निशाना
Jharkhand News : झारखंड में छात्रों के आंदोलन को लेकर सियासत तेज हो गई है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडे ने भाजपा पर छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा पर्दे के पीछे रहकर छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक अखाड़ा बनाने की कोशिश कर रही है।
विनोद पांडे ने आरोप लगाया कि आंदोलन के पहले दिन से ही छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन को राजनीतिक रूप देने का प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने घेराव के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बंगाल-बिहार से बसों एवं अन्य वाहनों के जरिए लोगों को आंदोलन में शामिल करने की कोशिश का दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन के बड़े पदाधिकारी आंदोलन की गतिविधियों की जानकारी दिल्ली तक पहुंचाते रहे, जिससे भाजपा की मंशा स्पष्ट होती है।
झामुमो प्रवक्ता ने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों की समस्याओं के समाधान के बजाय उन्हें राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीतिक टकराव पैदा करने की कोशिश अब किसी से छिपी नहीं है।
विनोद पांडे ने भाजपा पर झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर नजर रखने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में एक लाख करोड़ रुपये की खनिज संपदा को लेकर भाजपा से हिसाब मांगा जाएगा। साथ ही उन्होंने पहले से बकाया करीब डेढ़ लाख करोड़ रुपये का जिक्र करते हुए कुल राशि को ढाई लाख करोड़ रुपये का सवाल बताया।
उन्होंने कहा कि झारखंड कोई राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं है। यहां के छात्र, युवा, आदिवासी, मूलवासी और झारखंडी जनता अपने अधिकारों और संसाधनों की रक्षा करना जानती है। विनोद पांडे ने दावा किया कि भाजपा की राजनीति अब जनता के सामने बेनकाब हो चुकी है और झारखंड की जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।
विनोद पांडे ने कहा कि झामुमो छात्रों की जायज मांगों और लोकतांत्रिक आंदोलनों का सम्मान करता है। हालांकि, छात्रों के नाम पर राजनीतिक अशांति पैदा करने और झारखंड की खनिज संपदा पर किसी बाहरी ताकत की नजर को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड की संपदा पर झारखंडियों का अधिकार है और इसके संरक्षण के लिए झामुमो मजबूती से खड़ा रहेगा।









