Koderma News : इस्लाम धर्म के आखिरी पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के मौके पर मनाया जाने वाला ईद मिलादुन्नबी का पर्व बुधवार को झुमरी तिलैया में श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न इलाकों से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस के दौरान धार्मिक उत्साह के साथ अमन-चैन, आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश भी दिया गया।
Koderma News : आयस नगर-भदौड़ीह से निकला जुलूस सुभाष चौक होते हुए झंडा चौक पहुंचा। यहां बड़ी संख्या में अकीदतमंद एकत्रित हुए, जहां सामूहिक रूप से दुआ की गई। दुआ में देश और समाज में अमन-चैन, आपसी भाईचारे, सौहार्द और खुशहाली की कामना की गई।
वहीं, गुमो से भी जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जो निर्धारित मार्ग से होते हुए सुभाष चौक पहुंचा। यहां लोगों ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और दुआ की। इसके बाद जुलूस अपने निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना हुआ और शांतिपूर्ण तरीके से इसका समापन हुआ।
जुलूस में झुमरी तिलैया शहर के अलावा गुमो, नवादा बस्ती, भदौड़ीह सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। बच्चे और युवा हाथों में धार्मिक झंडे लिए जुलूस में शामिल हुए, जबकि कई लोग पारंपरिक इस्लामी पोशाक में नजर आए। जुलूस के दौरान पूरे शहर में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की बताई हुई बातों को याद करते हुए प्रेम, शांति, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। वहीं, जुलूस को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। निर्धारित मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती रही। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।









