Skip to content

Jharkand News: झारखंड बना सुब्रतो कप का चैंपियन, गुमला की बेटियों ने दिल्ली में लहराया परचम

Megha Sinha

Jharkand News : दिल्ली में खेले गए 65वें सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप के फाइनल में संत पैट्रिक स्कूल गुमला ने मिजोरम की एनसीसी टीम को 2-0 से हराकर रचा इतिहास

Jharkand News : गुमला की बेटियों ने राष्ट्रीय फुटबॉल में झारखंड का परचम लहराते हुए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। दिल्ली के डॉ. बीआर आंबेडकर स्टेडियम में आयोजित 65वें सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप के अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल में संत पैट्रिक स्कूल, गुमला की टीम ने मिजोरम की एनसीसी टीम को 2-0 से हराकर राष्ट्रीय चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया।

फाइनल मुकाबले में झारखंड की टीम ने शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने आक्रमण और रक्षापंक्ति के बीच बेहतरीन तालमेल बनाए रखा और मिजोरम की टीम को पूरे मुकाबले में वापसी का मौका नहीं दिया। झारखंड की ओर से किए गए दो गोल के बाद टीम ने अपनी बढ़त को अंत तक कायम रखा और क्लीन शीट के साथ खिताब पर कब्जा जमाया।

टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में कोच एवं प्रशिक्षक बीना केरकेट्टा की रणनीति महत्वपूर्ण रही। उन्होंने खिलाड़ियों की क्षमता के अनुरूप टीम को मैदान पर उतारा और रक्षा, मिडफील्ड तथा आक्रमण के बीच संतुलन बनाए रखा। कप्तान बीना कुमारी ने भी दबाव भरे फाइनल में टीम का शानदार नेतृत्व किया।

Jharkand News: झारखंड बना सुब्रतो कप का चैंपियन, गुमला की बेटियों ने दिल्ली में लहराया परचम 1

गोलकीपर खुशबू कुमारी ने गोलपोस्ट के सामने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि मनीषा डुंगडुंग ने रक्षापंक्ति को मजबूती दी। वहीं ऊषा कुमारी ने आक्रमण में अपनी तेजी और प्रभावी मूवमेंट से विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। पूरी टीम के सामूहिक प्रदर्शन के दम पर गुमला की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड को गौरवान्वित किया।

सुब्रतो कप की प्रतिष्ठित ट्रॉफी जीतने के बाद गुमला और झारखंड के खेलप्रेमियों में खुशी की लहर है। बेटियों की इस उपलब्धि को राज्य के फुटबॉल के लिए बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।