Koderma News : कोडरमा के सभी प्रखंड मुख्यालयों में झामुमो कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
Koderma News : खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 19 सितंबर को राज्यभर में प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया। कोडरमा में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिल वापस लेने और राज्य के खनिज संसाधनों पर स्थानीय हितों की सुरक्षा की मांग उठाई।
Koderma News : खान-खनिज संशोधन बिल 2026 के विरोध में शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पूरे झारखंड में प्रखंड मुख्यालयों पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इसी कड़ी में कोडरमा जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में भी झामुमो कार्यकर्ताओं ने धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया और बिल को वापस लेने की मांग की।
कोडरमा के डोमचांच में आयोजित धरना की अध्यक्षता झामुमो प्रखंड अध्यक्ष विश्वनाथ राय ने की, जबकि संचालन मो. अशरफ ने किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय, झामुमो नेत्री शालिनी गुप्ता और ओणम प्रिया समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय ने केंद्र सरकार पर जनता के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने खान-खनिज संशोधन बिल 2026 को तत्काल वापस लेने की मांग की और कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर झामुमो चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाएगा।
वहीं झामुमो नेत्री शालिनी गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार का यह बिल जनहित के विपरीत है। उन्होंने कहा कि बिल की वापसी तक झामुमो का जन, जंगल और जमीन के हित में उलगुलान जारी रहेगा।
धरना-प्रदर्शन के अंत में जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। झामुमो नेताओं ने स्पष्ट किया कि खान-खनिज संशोधन बिल के विरोध में उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।









