Skip to content

Jharkhand News: झारखंड में आंधी-ओलावृष्टि का खतरा, ऑरेंज अलर्ट के बीच आपदा विभाग अलर्ट, मंत्री खुद कर रहे मॉनिटरिंग

zabazshoaib

रांची। झारखंड में तेज आंधी, ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य के कई जिलों, विशेषकर रांची, गुमला और खूंटी में संभावित प्राकृतिक आपदा से निपटने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विभागीय अधिकारियों और राज्य के सभी उपायुक्तों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिलों में त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्विक रिस्पॉन्स टीम) सक्रिय रखें और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है, ताकि संभावित नुकसान और जनहानि को कम किया जा सके।

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि विभागीय स्तर पर स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।

मंत्री ने आम लोगों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। आंधी और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने की सलाह दी गई है।

आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, संभावित आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि राज्य में कहीं भी आपात स्थिति उत्पन्न होने पर राहत एवं बचाव कार्यों के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी।