Skip to content

Jharkhand Foundation Day Fortnight : किशोरी सशक्तीकरण से हरित झारखंड तक, राज्यभर में हुए विकास के कई कार्यक्रम; 1.62 लाख से अधिक किशोरियों ने लिया हिस्सा

Jharkhand Foundation Day Fortnight 2026: झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह पखवाड़े के तहत राज्यभर में महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, कृषि विकास और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। किशोरी सशक्तीकरण दिवस के अवसर पर राज्य के अलग-अलग जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में कुल 1,62,837 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

Jharkhand Foundation Day Fortnight : इस दौरान किशोरियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, हरित झारखंड अभियान के तहत पौधारोपण, किसानों को प्रशिक्षण, स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता और आवास लाभुकों के गृह प्रवेश जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

Jharkhand Foundation Day Fortnight : झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह पखवाड़ा ‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव’ के तहत बुधवार को महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से किशोरी सशक्तीकरण दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम में राज्यभर के 1,62,837 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत किशोरियों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभिन्न जिलों में किशोरियों के साथ बैठक, समूह सम्मेलन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने की प्रक्रिया भी अपनाई गई।

Jharkhand Foundation Day Fortnight : किशोरी सशक्तीकरण से हरित झारखंड तक, राज्यभर में हुए विकास के कई कार्यक्रम; 1.62 लाख से अधिक किशोरियों ने लिया हिस्सा 1

किशोरियों को एनीमिया से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित शिक्षा और स्वास्थ्य के महत्व के बारे में बताया गया। इसके अलावा टेक होम राशन (THR) का वितरण भी किया गया। हजारीबाग और लातेहार समेत कई जिलों में पात्र किशोरियों को योजना के लिए आवेदन करने में सहायता उपलब्ध कराई गई।

स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरित झारखंड अभियान चलाया गया। इसके तहत रांची जिले की 305 ग्राम पंचायतों सहित लातेहार, हजारीबाग और दुमका में बड़े स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

पंचायत भवनों, सरकारी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, तालाबों और सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अभियान में स्थानीय लोगों, युवाओं और स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की गई। पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी स्थानीय समूहों को सौंपी गई।

लातेहार जिले में उपायुक्त ने पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मनिका में आंवले का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण के माध्यम से राज्य को हरित बनाने की दिशा में सामुदायिक भागीदारी बढ़ाना है।

कृषि विकास और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से भी कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। लातेहार जिले के सरयू प्रखंड में किसानों के बीच मसूर बीज का वितरण किया गया। इसके साथ ही खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को खेती से संबंधित जरूरी जानकारियां दी गईं।

किसानों को मिट्टी की जांच, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, संतुलित उर्वरक उपयोग और फसल विविधीकरण के बारे में प्रशिक्षित किया गया। अधिकारियों ने किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार खेती करने और कृषि संसाधनों का सही इस्तेमाल करने की जानकारी दी।

वहीं, रांची के सोनाहातू और दुमका जिले में भी किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य किसानों को बेहतर कृषि पद्धतियों से जोड़ना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करना है।

महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कई गतिविधियां संचालित की गईं। रांची जिले में महिलाओं को मटर बीज, पोषण वाटिका किट और सामुदायिक निवेश निधि का वितरण किया गया।

इसके अलावा पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए बकरी टीकाकरण अभियान चलाया गया। लाभुकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से आधार आधारित ई-केवाईसी अभियान भी संचालित किया गया।

कांके प्रखंड में एक क्लस्टर फेडरेशन को 32 लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि प्रदान की गई। इस राशि के माध्यम से महिला समूहों को आजीविका संबंधी गतिविधियों को आगे बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलने की उम्मीद है।

आवास योजना के लाभुकों के लिए भी स्थापना दिवस पखवाड़ा खास रहा। लातेहार जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना, पीएम जनमन और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत पूर्ण हुए 60 आवासों में लाभुक परिवारों को गृह प्रवेश कराया गया।

वहीं, रांची और हजारीबाग में भी आवास योजनाओं के लाभुकों ने अपने नए घरों में प्रवेश किया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।

जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए रांची, दुमका और लातेहार में बिजली उपभोक्ताओं के लिए विशेष शिविर लगाए गए। इन शिविरों के माध्यम से बिजली से संबंधित शिकायतों को सुनने और उनके समाधान की पहल की गई।

इसके साथ ही जलसहियाओं ने एफटीके (फील्ड टेस्ट किट) के माध्यम से जल स्रोतों की गुणवत्ता की जांच की। लातेहार में स्वच्छता अभियान चलाने के साथ लोगों को डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक किया गया। श्रमिकों को भी विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत विभिन्न जिलों के विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, चित्रकला, हस्तकला, क्विज और प्रश्नमंच प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास, राज्य के महापुरुषों, आंदोलनकारियों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया गया। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को राज्य की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ना है।