Jharkhand News : सरकारी सूचना के नाम पर सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे फर्जी पत्र को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुख्य सचिव की ओर से ऐसा कोई प्रेस नोट जारी नहीं किया गया है। आम लोगों और संवेदकों से अफवाहों से बचने की अपील की गई है।
Jharkhand News : झारखंड में सरकारी विभागों के नाम पर सोशल मीडिया में फर्जी सूचनाएं प्रसारित होने का मामला सामने आया है। इस बार पथ निर्माण विभाग, झारखंड सरकार के नाम से प्रतिशत निविदा (Percentage Tender) से संबंधित एक कथित प्रेस नोट सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। इस पत्र को लेकर विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा यह प्रेस नोट पूरी तरह फर्जी है। साथ ही यह भी साफ किया गया है कि उक्त पत्र झारखंड सरकार के मुख्य सचिव द्वारा जारी नहीं किया गया है।
दरअसल, पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर सरकारी आदेश और प्रेस नोट के नाम पर कई तरह की जानकारियां साझा की जाती रही हैं। इसी क्रम में पथ निर्माण विभाग के नाम से प्रतिशत निविदा से संबंधित एक पत्र प्रसारित किया जा रहा है। इस पत्र को सरकारी सूचना बताकर साझा किए जाने से आम लोगों और सरकारी निर्माण कार्यों से जुड़े संवेदकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इस कथित प्रेस नोट को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया गया है।




