Cyclone Akvan Alert : बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक। 75 प्रतिशत धान की फसल अभी खेतों में, नुकसान होने पर तत्काल सर्वे और मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश।
Cyclone Akvan Alert : झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ (Akvan) के संभावित प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी जिलों के उपायुक्तों, सिविल सर्जनों और कृषि अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। भारी बारिश से धान की फसल को नुकसान होने की आशंका के बीच सरकार ने तत्काल सर्वे और मुआवजे की तैयारी करने को कहा है।
Cyclone Akvan Alert : बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ (Akvan) के संभावित प्रभाव को देखते हुए झारखंड सरकार ने एहतियाती तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य में भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका के मद्देनजर आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड में रखा गया है। इसको लेकर गुरुवार, 19 नवंबर को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण तथा आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विभागीय अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
बैठक में चक्रवात के संभावित प्रभाव, आम नागरिकों की सुरक्षा, किसानों की खड़ी फसल और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार की प्राथमिकता है कि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में जान-माल का नुकसान कम से कम हो और प्रभावित लोगों तक समय पर राहत पहुंचाई जा सके।
आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी जिलों के उपायुक्तों, सिविल सर्जनों, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारियों, कृषि पदाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि आपदा आने के बाद व्यवस्था बनाने के बजाय पहले से सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
संभावित भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन को जलभराव, निचले इलाकों में पानी जमा होने, कच्चे मकानों को नुकसान, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और ग्रामीण सड़कों के प्रभावित होने जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
इसके अलावा जिला प्रशासन को स्थानीय स्तर पर स्थिति पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी रखने का निर्देश दिया गया है।
चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव के बीच झारखंड सरकार की सबसे बड़ी चिंताओं में किसानों की खड़ी धान की फसल भी शामिल है। बैठक में बताया गया कि राज्य में अब तक लगभग 25 प्रतिशत धान की कटाई हुई है, जबकि करीब 75 प्रतिशत फसल अभी भी खेतों में खड़ी है।
ऐसे में यदि तूफान के प्रभाव से लगातार बारिश होती है, तो खेतों में तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। इससे किसानों की महीनों की मेहनत पर असर पड़ने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हो सकती है।
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश के कारण फसल बर्बाद होने की स्थिति में पंचायत और प्रखंड स्तर पर तत्काल सर्वे कराया जाए। कृषि विभाग, अंचल प्रशासन और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से फसल नुकसान का आकलन करें।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित किसानों को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया में देरी नहीं होनी चाहिए।
चक्रवात के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा गया है। मंत्री ने सभी जिलों के सिविल सर्जनों को निर्देश दिया कि अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और एंबुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को दुरुस्त रखने के साथ अस्पतालों को किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके, इसके लिए भी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के दौरान मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं को रोका नहीं जा सकता, लेकिन बेहतर तैयारी, सतर्कता और समय पर कार्रवाई के जरिए इनके प्रभाव और नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार हर परिस्थिति में राज्य की जनता के साथ खड़ी है। खासकर किसानों की मेहनत और उनकी फसल को सुरक्षित रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। सभी अधिकारियों को पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है।



