Skip to content

Ranchi News : विश्व बाल दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले यूनिसेफ के बाल पत्रकार, बाल अधिकारों और शिक्षा पर हुई चर्चा

Ranchi News : विश्व बाल दिवस के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने मुलाकात की। इस दौरान बच्चों ने बाल अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल विवाह, बाल श्रम और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मुख्यमंत्री के साथ संवाद किया।

Ranchi News : बाल पत्रकारों ने अपने स्कूल और समुदाय में किए गए सकारात्मक बदलावों के अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस तरह वे सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उन्होंने बाल विवाह और बाल श्रम की रोकथाम के साथ स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में अपनी भूमिका के बारे में भी जानकारी दी।

Ranchi News : विश्व बाल दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले यूनिसेफ के बाल पत्रकार, बाल अधिकारों और शिक्षा पर हुई चर्चा 1

Ranchi News : इस मुलाकात के दौरान बच्चों ने माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बचपन में होने वाली गैर-संचारी बीमारियों की रोकथाम, स्वस्थ खानपान और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर भी अपने विचार रखे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बच्चों की बातों को गंभीरता से सुना और उनके सवालों का सहज एवं सरल तरीके से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी आवाज, विचार और सपने राज्य के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। जब कोई बच्चा अपने अधिकारों के लिए सवाल उठाता है या समाज की किसी समस्या का समाधान सुझाता है, तो उसकी बातों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने के विषय पर समीक्षा की जाएगी, ताकि शिक्षक अपना अधिक समय विद्यार्थियों की पढ़ाई और शैक्षणिक विकास में दे सकें।

उन्होंने बताया कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। जिन विद्यार्थियों की रुचि खेलों में है, उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए सरकार की ओर से खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदानों का निर्माण करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करना आवश्यक है।

Ranchi News : विश्व बाल दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले यूनिसेफ के बाल पत्रकार, बाल अधिकारों और शिक्षा पर हुई चर्चा 2

मुख्यमंत्री ने बताया कि विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने और उन्हें बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलास्तर पर पुस्तकालयों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को सही और गलत के बीच अंतर समझने की क्षमता प्रदान करती है। इसलिए प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देने की बात भी कही कि वे अपने कार्यक्षेत्र के स्कूलों में एक दिन बिताएं और वहां के विद्यार्थियों से सीधे बातचीत करें। इससे स्कूलों की वास्तविक स्थिति, बच्चों की समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरतों को समझने में मदद मिलेगी।

बाल विवाह के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल कानूनी अपराध ही नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य और उनके स्वाभाविक विकास के लिए भी गंभीर चुनौती है। उन्होंने बच्चों की निर्धारित उम्र पूरी होने के बाद ही विवाह किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने बताया कि विद्यालयों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और बच्चियों एवं महिलाओं को सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बाल पत्रकारों की जागरूकता और आत्मविश्वास की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चे जिस स्पष्टता और साहस के साथ अपने अधिकारों और सामाजिक समस्याओं पर बात रख रहे हैं, वह सराहनीय है। आज उनमें दिखाई दे रही नेतृत्व क्षमता भविष्य में समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

उन्होंने कहा कि हर बच्चे को अपनी बात रखने, सुरक्षित वातावरण में रहने, सीखने और अपने सपनों को पूरा करने का समान अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए सरकार के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर काम करना होगा। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि बाल पत्रकारों के अनुभव राज्य के दूसरे बच्चों को भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और सामाजिक बदलाव में भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करेंगे।

इस अवसर पर यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों को केवल सरकारी योजनाओं और नीतियों का लाभार्थी मानना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके जीवन को प्रभावित करने वाले फैसलों में भी उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाल पत्रकार कार्यक्रम इस बात का उदाहरण है कि सही जानकारी, आत्मविश्वास और उचित मंच मिलने पर बच्चे समाज में व्यापक बदलाव ला सकते हैं।

यूनिसेफ झारखंड की कम्युनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप स्पेशलिस्ट आस्था अलंग ने कहा कि बच्चों का भविष्य काफी हद तक बड़ों द्वारा लिए जाने वाले निर्णयों पर निर्भर करता है। गरीबी, भौगोलिक परिस्थितियां और लैंगिक असमानता जैसी चुनौतियां आज भी कई बच्चों के विकास में बाधा बनी हुई हैं। ऐसे में बच्चों को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों में आज किया गया निवेश आने वाले समय में बेहतर समाज और मजबूत भविष्य की नींव तैयार करेगा।