Jharkhand News : झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत राज्यभर में विकास, जनकल्याण, महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
Jharkhand News : 23 नवंबर को राँची समेत राज्य के अलग-अलग जिलों में पंचायत से लेकर जिला स्तर तक स्वास्थ्य शिविर, आवास गृह प्रवेश, कृषि मेला, खेल प्रतियोगिता, पशुपालन शिविर, स्वच्छता अभियान और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और विकास कार्यों में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, अबुआ आवास योजना, पीएम-जनमन और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के लाभुकों को नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश कराया गया। सरायकेला-खरसावां जिले में 23 नवंबर को 76 परिवारों ने अपने नए पक्के घर में प्रवेश किया। वहीं, 17 से 23 नवंबर के बीच जिले में कुल 677 आवासों में गृह प्रवेश कराया जा चुका है।

इसके अलावा कोडरमा जिले में 41 परिवारों और गोड्डा में 29 परिवारों को आवास योजना का लाभ मिला। जमशेदपुर के चाकुलिया समेत अन्य क्षेत्रों में भी लाभुकों को नए घर की सौगात दी गई। कई स्थानों पर गृह प्रवेश के अवसर पर परिवारों को पौधे और बधाई पत्र देकर सम्मानित किया गया। इन योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
स्थापना दिवस पखवाड़ा के दौरान किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने तथा कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से राँची, कोडरमा, जमशेदपुर, पाकुड़ समेत विभिन्न जिलों में कृषि मेले, रबी कार्यशालाओं और बीज वितरण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इन कार्यक्रमों में किसानों को उन्नत किस्म के बीज, मृदा स्वास्थ्य, जैविक खेती, संतुलित उर्वरक का इस्तेमाल, फसल बीमा और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए भी विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं।

राँची जिले के विभिन्न प्रखंडों में कुल 1,023 बकरियों का टीकाकरण किया गया। वहीं, गोड्डा जिले के सुंदर डैम में 2.50 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन किया गया। इसके अलावा मत्स्यजीवियों और लाभुकों के बीच 70.22 लाख रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों एवं योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। इससे मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर विकसित करने की पहल की गई।
महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़ा गया। महिलाओं को वित्तीय प्रबंधन, पोषण वाटिका और स्वरोजगार से संबंधित जानकारी दी गई।
जमशेदपुर के चाकुलिया में फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 1.21 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा विभिन्न जिलों में महिला स्वयं सहायता समूहों के सम्मान समारोह, किचन गार्डन किट वितरण और रक्तदान शिविरों का आयोजन भी किया गया।
इन कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
राज्य की पारंपरिक खेल संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए राँची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया।
इस प्रतियोगिता में पांच जिलों के करीब 600 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने तीरंदाजी, गुलेल, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल समेत विभिन्न पारंपरिक और आधुनिक खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
वहीं, बोकारो के ललपनिया, कोडरमा और लातेहार में सांस्कृतिक गीत-संगीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से झारखंड की लोककला, जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने तथा स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने का प्रयास किया गया।
जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। जमशेदपुर के बहरागोड़ा में आयोजित मिर्गी जांच शिविर में 30 नए मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही 61 पुराने मरीजों की भी जांच की गई।
सरायकेला-खरसावां जिले में 65 विद्यार्थियों की मौखिक स्वास्थ्य जांच की गई। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को बीमारियों के लक्षण, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को भी प्राथमिकता दी गई। लोहरदगा में 53 बच्चों को बाल संरक्षण, बाल विवाह की रोकथाम और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में जानकारी दी गई।
वहीं, चतरा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा समेत अन्य जिलों में स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, नशामुक्ति जागरूकता, बाल विवाह रोकथाम, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन गतिविधियों के जरिए युवाओं और आम नागरिकों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वच्छ और सुरक्षित समाज बनाने का संदेश दिया गया।



