Skip to content

Jharkhand News : नेमरा में शहीद सोबरन सोरेन का 69वां शहादत दिवस: CM हेमंत सोरेन ने 111 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास और उद्घाटन

Jharkhand News : रामगढ़ के लुकैयाटांड में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने शहीद सोबरन सोरेन को दी श्रद्धांजलि, कहा- लड़कर अलग झारखंड लिया है, लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे।

Jharkhand News : रामगढ़ के नेमरा स्थित लुकैयाटांड में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। इस दौरान 111 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण, आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकार और झारखंड आंदोलन की विरासत पर अपनी बात रखी।

Jharkhand News : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड पहुंचे। यहां उन्होंने झारखंड आंदोलन के प्रमुख शहीद सोबरन सोरेन (सोबरन मांझी) के 69वें शहादत दिवस समारोह-सह-पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले के लिए लगभग 111 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।

Jharkhand News : नेमरा में शहीद सोबरन सोरेन का 69वां शहादत दिवस: CM हेमंत सोरेन ने 111 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास और उद्घाटन 1

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि शहीद सोबरन सोरेन का संघर्ष और बलिदान झारखंड की ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ उठी आवाज को दबाने की कोशिश की गई थी, लेकिन शिबू सोरेन के नेतृत्व में यह संघर्ष फिर से मजबूत हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहादत की इसी चिंगारी ने अलग झारखंड राज्य के आंदोलन को प्रेरणा दी। आज की युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह शहीदों के संघर्ष और उनके सपनों को आगे बढ़ाए।

हेमंत सोरेन ने कहा कि एक समय ऐसा था, जब आदिवासी और मूलवासी समाज के लोगों को सामंती सोच रखने वालों के सामने अपनी बात रखने तक का अधिकार नहीं था। आज परिस्थितियां बदली हैं और समाज के लोग अपने अधिकारों के लिए खुलकर आवाज उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव जैसे महानायकों और शहीद सोबरन मांझी के संघर्ष ने झारखंड की पहचान और स्वाभिमान को मजबूत किया है।

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि राज्य की लगभग 50 लाख महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है। यह सहायता 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि माताएं-बहनें खुद अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार सकें और गरीबी से बाहर निकलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

Jharkhand News : नेमरा में शहीद सोबरन सोरेन का 69वां शहादत दिवस: CM हेमंत सोरेन ने 111 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास और उद्घाटन 2

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को संचालित करने के लिए संसाधनों की आवश्यकता होती है। हालांकि, राज्य को अपने राजस्व स्रोतों और अधिकारों के मामले में कई तरह की बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने स्पष्ट कहा, “जिस तरह हमने लड़कर अलग झारखंड राज्य लिया है, उसी तरह लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के लोगों को उनका पूरा अधिकार दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार शहादत दिवस का आयोजन सादगी से किया गया है, लेकिन आने वाले वर्षों में इसे और भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा।

शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस समारोह में विधायक कल्पना सोरेन, विधायक ममता देवी सहित उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र सिन्हा, पुलिस उप महानिरीक्षक अंजनी कुमार झा, रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।