Skip to content

Dhanbad News:धनबाद कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: नीरज सिंह हत्याकांड मामले में पूर्व विधायक संजीव सिंह समेत 11 लोग बरी

Megha Sinha

आठ साल की लंबी कानूनी जंग के बाद आज धनबाद न्यायालय ने बहुचर्चित नीरज सिंह हत्याकांड मामले में ऐतिहासिक फैसला सुनाया। कोर्ट ने इस मामले में मुख्य आरोपी बनाए गए झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह सहित कुल 11 आरोपियों को बरी कर दिया। इस फैसले के साथ ही वर्षों से चल रहे इस हाई-प्रोफाइल मामले का पटाक्षेप हो गया है। फैसले की खबर मिलते ही संजीव सिंह के समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और कोर्ट परिसर के बाहर जमकर नारेबाजी और खुशी का इजहार किया गया।

गौरतलब है कि नीरज सिंह हत्याकांड को झारखंड की राजनीति का सबसे बड़ा और चर्चित मामला माना जाता रहा है। 8 साल पहले हुई इस सनसनीखेज हत्या के बाद संजीव सिंह को जेल भेजा गया था। लंबे समय तक जेल में रहने के बाद उन्हें कुछ साल पहले बेल मिली थी। इस दौरान वह गंभीर रूप से बीमार भी चल रहे थे। आज कोर्ट की सुनवाई में वे एंबुलेंस से पहुंचे, जहां उनके साथ अन्य आरोपी भी पेश हुए। कोर्ट ने सभी सबूतों और गवाहियों पर विचार करने के बाद उन्हें बरी कर दिया।

फैसले के दिन कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जैसे ही अदालत ने संजीव सिंह और अन्य आरोपियों को बरी करने का फैसला सुनाया, बाहर खड़े सैकड़ों समर्थकों ने “संजीव सिंह जिंदाबाद” और “न्याय की जीत” जैसे नारे लगाए। समर्थकों का कहना है कि यह फैसला न्याय की जीत है और वर्षों से उन पर लगाए गए आरोप झूठे साबित हुए हैं।

इस ऐतिहासिक फैसले के दौरान संजीव सिंह की पत्नी और झरिया विधायक रागिनी सिंह भी मौजूद थीं। उन्होंने फैसले को भगवान और न्यायपालिका पर विश्वास की जीत बताया। उधर, फैसले के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। यह देखना दिलचस्प होगा कि इस महत्वपूर्ण फैसले का असर आने वाले दिनों में धनबाद और झारखंड की राजनीति पर किस तरह पड़ता है।