

Bihar News: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी जिले में शुक्रवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब वीआईपी (विकासशील इंसान पार्टी) के रक्सौल संगठन जिला प्रभारी कामेश्वर सहनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना दरपा थाना क्षेत्र के छौड़ादानो इलाके की है, जहां कामेश्वर सहनी अपने घर के दरवाजे पर हाथ धो रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश पहुंचे और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात इतनी तेज़ी से हुई कि स्थानीय लोग कुछ समझ पाते उससे पहले अपराधी फरार हो गए। गोली लगने से सहनी की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल फैल गया।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग भारी संख्या में एकत्रित हो गए और सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के करीबी रिश्तेदार राजेश कुमार ने बताया, “मेरे मामा को घर के दरवाजे पर ही गोलियों से भून दिया गया। हम लोग कुछ समझ पाते उससे पहले बदमाश निकल भागे।” उन्होंने आशंका जताई कि हत्या किसी पुराने विवाद का नतीजा हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कामेश्वर सहनी पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं, बावजूद इसके वे पार्टी गतिविधियों में सक्रिय थे और संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे।
वहीं वीआईपी पार्टी के जिला अध्यक्ष अशोक साहनी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि हत्या राजनीतिक रंजिश है या व्यक्तिगत विवाद—यह कहना अभी जल्दबाजी होगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस को अंदेशा है कि वारदात में दो से तीन बदमाश शामिल थे, जो बाइक से आए थे और हत्या को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है।









