India International Trade Fair : भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 में झारखंड की संस्कृति, पारंपरिक खानपान और स्थानीय उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र। रागी से बने लड्डू, चॉकलेट, नमकीन और ठेठ देसी अचार के साथ प्राकृतिक शहद को मिल रहा शानदार प्रतिसाद।
India International Trade Fair : IITF-2026 में झारखंड पवेलियन में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह ने पवेलियन का अवलोकन किया। यहां रागी चॉकलेट, पारंपरिक खाद्य उत्पाद, देसी अचार और विभिन्न किस्मों के ऑर्गेनिक शहद लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। स्थानीय उद्यमियों और महिला कारोबारियों के उत्पादों को भी नए बाजार मिल रहे हैं।
India International Trade Fair : राजधानी दिल्ली में आयोजित भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक खानपान और स्थानीय उत्पादों के साथ लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। मेले में लगाए गए झारखंड पवेलियन में लगातार आगंतुकों की भीड़ उमड़ रही है। राज्य के पारंपरिक स्वाद और स्थानीय स्तर पर तैयार किए जाने वाले उत्पादों को देखने और खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
19 नवंबर 2026, गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह ने भी झारखंड पवेलियन का अवलोकन किया। इस दौरान पवेलियन में प्रदर्शित राज्य के विभिन्न उत्पादों और झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को करीब से देखने का अवसर मिला।

इस बार झारखंड पवेलियन में खासतौर पर पारंपरिक खाद्य उत्पादों की मांग देखने को मिल रही है। रागी से तैयार खाद्य सामग्री, देसी अचार और प्राकृतिक शहद लोगों की पसंद बन रहे हैं। इन उत्पादों के प्रति बढ़ती दिलचस्पी झारखंड के स्थानीय कारोबार और पारंपरिक खाद्य संस्कृति को नई पहचान दे रही है।
झारखंड पवेलियन में रागी से तैयार किए गए उत्पाद आगंतुकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां रागी के लड्डू, नमकीन, चॉकलेट और पारंपरिक ठेकुआ जैसे उत्पाद उपलब्ध हैं। इनकी खासियत यह है कि पारंपरिक खाद्य सामग्री को नए स्वाद और आधुनिक उत्पादों के रूप में लोगों के सामने पेश किया जा रहा है।
जोहार रागी स्टॉल की संचालिका अस्मिता के अनुसार, रागी से बने लड्डुओं को ग्राहकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। वहीं, रागी चॉकलेट की लोकप्रियता भी लगातार बढ़ रही है। व्यापारिक दिवसों के दौरान ही चॉकलेट की पूरी खेप बिक जाने से स्टॉल संचालकों को भी उम्मीद से बेहतर प्रतिक्रिया मिली है।
स्टॉल संचालिका सुषमा ने बताया कि उन्हें शुरुआत में अंदाजा नहीं था कि रागी से तैयार चॉकलेट को लोगों का इतना अच्छा प्रतिसाद मिलेगा। लेकिन ग्राहकों की दिलचस्पी ने उन्हें काफी प्रोत्साहित किया है।
रागी से बने इन उत्पादों की मांग केवल स्वाद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पारंपरिक अनाज को नए बाजारों तक पहुंचाने का भी माध्यम बन रही है। इससे झारखंड के छोटे कारोबारियों और महिला उद्यमियों के लिए व्यापार के नए अवसर तैयार होने की संभावनाएं बढ़ रही हैं।
झारखंड पवेलियन में अरजनीत फार्म द्वारा प्रदर्शित प्राकृतिक शहद की विभिन्न किस्में भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं। यहां सामान्य शहद के साथ मोनोफ्लोरल हनी की खास किस्में प्रदर्शित की गई हैं।
मोनोफ्लोरल शहद ऐसा शहद होता है, जिसे मधुमक्खियां मुख्य रूप से किसी एक विशेष प्रकार के फूलों से रस एकत्र करके तैयार करती हैं। यही वजह है कि अलग-अलग पुष्प स्रोतों से प्राप्त शहद के स्वाद, सुगंध और विशेषताओं में अंतर देखने को मिलता है।
अरजनीत फार्म के स्टॉल पर नीम और तुलसी सहित विभिन्न पुष्प स्रोतों से प्राप्त शहद की कई किस्में उपलब्ध हैं। इनकी विशेषताओं को जानने और अलग-अलग स्वाद का अनुभव करने के लिए आगंतुक स्टॉल पर पहुंच रहे हैं।
स्टॉल संचालक पुनीत कंचन कुजूर ने बताया कि उनका उद्देश्य लोगों को शहद की विभिन्न किस्मों और उनकी विशेषताओं से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर लोग शहद को एक ही तरह का उत्पाद समझते हैं, जबकि अलग-अलग फूलों से प्राप्त शहद के स्वाद, सुगंध और प्रकृति में काफी अंतर होता है।
उन्होंने बताया कि मेले में आने वाले लोग मोनोफ्लोरल शहद में विशेष रुचि दिखा रहे हैं। ग्राहकों से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया से उन्हें अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का प्रोत्साहन मिल रहा है।



