Skip to content

Jharkhand Foundation Day : खेलगांव में मुख्य समारोह की तैयारी तेज, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट

Jharkhand Foundation Day : झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा 2026 एवं वर्तमान सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को सफल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाने के लिए रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

Jharkhand Foundation Day: इसी कड़ी में खेलगांव स्थित कार्यक्रम स्थल पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और संबंधित कर्मियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Jharkhand Foundation Day : ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि इतने बड़े राजकीय समारोह का सफल आयोजन सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को पूरी गंभीरता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और आयोजन से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था समय पर पूरी करें।

Jharkhand Foundation Day : खेलगांव में मुख्य समारोह की तैयारी तेज, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट 1

उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा, लोगों की सुविधा के लिए आवश्यक स्थानों पर स्पष्ट साइनेज लगाने और फ्लेकार्ड डिस्प्ले की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। समारोह में आने वाले लोगों के लिए भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

इसके लिए वाहनों के आवागमन, यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराने और आम नागरिकों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम स्थल पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या प्रतिबंधित वस्तु ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए प्रवेश द्वारों पर उचित फ्रिस्किंग और जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सुरक्षा जांच के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया, ताकि समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Jharkhand Foundation Day : खेलगांव में मुख्य समारोह की तैयारी तेज, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट 2

उपायुक्त और एसएसपी ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों एवं आम नागरिकों के साथ शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में आपसी समन्वय बनाए रखना जरूरी है, ताकि आयोजन के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा सके।

ब्रीफिंग के दौरान अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने संयुक्तादेश में निर्धारित दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के कर्तव्यों एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ड्यूटी स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं से संबंधित आवश्यक निर्देशों से अधिकारियों को अवगत कराया।

इस संयुक्त ब्रीफिंग में पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी, उप विकास आयुक्त संजय कुमार भगत, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अपर समाहर्ता राम नारायण सिंह, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, एडीएम नक्सल सुदर्शन भगत, पीडी आईटीडीए मनीषा तिर्की, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद और जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज सहित कई संबंधित अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने समारोह में शामिल होने वाले सभी अतिथियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफल बनाने में सहयोग करें। स्थापना पखवाड़ा और सरकार की दूसरी वर्षगांठ के इस मुख्य समारोह को लेकर प्रशासन की तैयारियों में सुरक्षा, यातायात और नागरिक सुविधाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।