Skip to content

Jharkhand News: स्थापना पखवाड़ा के चौथे दिन विकास और रोजगार पर जोर, सिमडेगा में 5,810 मजदूरों को मिला काम; सरायकेला में 180 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट

Jharkhand News : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत राज्यभर में रोजगार मेला, आवास वितरण, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, पशुपालन और स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। 16,907 सरकारी स्कूलों में क्विज प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों को झारखंड की विरासत से जोड़ने की पहल की गई।

Jharkhand News : Jharkhand Foundation Day Fortnight 2026: झारखंड स्थापना पखवाड़ा के चौथे दिन सिमडेगा में 5,810 मजदूरों को रोजगार और 61 परिवारों को नए घर मिले। वहीं सरायकेला-खरसावां के रोजगार मेले में 180 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। राज्यभर में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, पशुपालन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित हुए।

Jharkhand News : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत राज्यभर में विकास, रोजगार सृजन और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में बुधवार, 18 नवंबर को स्थापना पखवाड़ा के चौथे दिन राज्य के विभिन्न जिलों में सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव’ थीम के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों में रोजगार, ग्रामीण आवास, शिक्षा, महिला एवं किशोरी सशक्तिकरण, पशुपालन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी गई। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों, महिलाओं, किसानों, मजदूरों और ग्रामीण परिवारों ने भाग लिया।

स्थापना पखवाड़ा के दौरान सिमडेगा जिले में रोजगार सृजन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण गतिविधियां सामने आईं। विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत जिले के 5,810 मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। इस दौरान कुल 6,280 मानव दिवस का सृजन हुआ।

इसके अलावा जिले की सभी 94 पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया, जिसमें विकास योजनाओं से संबंधित 671 आवेदन प्राप्त हुए। इन ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों और विकास से जुड़े प्रस्तावों को सामने लाने का प्रयास किया गया।

वहीं आवास योजना के तहत सिमडेगा में 61 परिवारों को नए घरों में गृह प्रवेश कराया गया। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 59 और अबुआ आवास योजना के दो लाभुक शामिल हैं। इसी तरह कोडरमा में 135 आवासों का गृह प्रवेश कराया गया, जबकि सरायकेला-खरसावां में 93 परिवारों को नए आवास मिले। जिले में 15 से 18 नवंबर के बीच कुल 534 परिवारों को आवास का लाभ मिला।

युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल स्थित मॉडल कैरियर सेंटर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में 11 नियोजक संस्थानों ने हिस्सा लिया।

आयोजन के दौरान 800 से अधिक रिक्त पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद कुल 180 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों से जोड़ना और उन्हें करियर निर्माण के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

सिमडेगा में पशुपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए जिला स्तरीय डेयरी मेला-सह-पशु प्रदर्शनी आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त कंचन सिंह एवं गव्य विकास निदेशक डॉ. संजीव कुमार ने किया।

इस दौरान कुरडेग, बानो और सिमडेगा क्षेत्र की नौ महिला लाभुकों के बीच कुल 13 दुधारू गायों का वितरण किया गया। इस पहल के माध्यम से महिलाओं को डेयरी व्यवसाय से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

शिक्षा और विद्यार्थियों में झारखंड की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए राज्यव्यापी क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। राज्य के कुल 16,907 सरकारी विद्यालयों में आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड के इतिहास, संस्कृति, महापुरुषों और आंदोलनकारियों से संबंधित प्रश्न पूछे गए।

इस कार्यक्रम में 9,85,687 छात्र-छात्राओं और 45,592 शिक्षकों ने सहभागिता की। इसके अतिरिक्त गिरिडीह, कोडरमा और गुमला सहित विभिन्न जिलों में क्विज, निबंध लेखन, चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

महिला एवं किशोरी सशक्तिकरण को लेकर कोडरमा, गुमला और सरायकेला-खरसावां में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में किशोरियों को स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

इसके साथ ही सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पात्र लाभुकों को आवेदन प्रक्रिया में सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। इन प्रयासों का उद्देश्य किशोरियों को शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है।

स्थापना पखवाड़ा के चौथे दिन स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी कई गतिविधियां आयोजित की गईं। गिरिडीह के स्टेडियम परिसर में श्रमदान और स्वच्छता अभियान चलाया गया। वहीं कोडरमा के विभिन्न नगर निकायों के वार्डों में सफाई अभियान के साथ पंचायत क्षेत्रों में पौधरोपण किया गया।

गुमला जिले में ‘हर आवास एक पेड़’ अभियान के तहत आवास योजना के लाभुकों के घरों के आसपास पौधे लगाए गए। इस पहल के माध्यम से लोगों को अपने घर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा रखने के लिए प्रेरित किया गया।

पशुपालकों को राहत देने के उद्देश्य से कोडरमा जिले के सभी प्रखंडों में पशु स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में पशुओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक दवाइयां और मिनरल मिक्सचर उपलब्ध कराए गए।

वहीं गिरिडीह में सखी मंडल की महिलाओं के लिए विशेष KYC अभियान चलाया गया, ताकि संबंधित प्रक्रियाओं को पूरा करने में उन्हें सहायता मिल सके।