Jharkhand News : हजारीबाग के आईसेक्ट विश्वविद्यालय में नाबार्ड के ग्राम युवा शक्ति अभियान 2026 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता, सरकारी योजनाओं और वित्तीय सहायता की जानकारी दी गई।
Jharkhand News : ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से आईसेक्ट विश्वविद्यालय, हजारीबाग में नाबार्ड के ग्राम युवा शक्ति अभियान 2026 के तहत जागरूकता एवं मोबिलाइजेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को ग्रामीण उद्यमिता, स्वरोजगार, सरकारी योजनाओं और बैंकिंग सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
नाबार्ड और मेरा युवा भारत के सहयोग से आयोजित इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित करना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में बताया गया कि सही मार्गदर्शन, वित्तीय संसाधन और सरकारी योजनाओं की जानकारी के माध्यम से युवा अपने व्यावसायिक विचारों को वास्तविक उद्यम में बदल सकते हैं। कार्यक्रम का नेतृत्व नाबार्ड, हजारीबाग की जिला विकास प्रबंधक (डीडीएम) ऋचा भारती ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक ऋचा भारती, जिला उद्योग केंद्र हजारीबाग के जिला उद्यम समन्वयक श्रीश पति त्रिपाठी, अग्रणी जिला प्रबंधक किशोर कुमार, जन जागरण केंद्र के सचिव संजय कुमार सिंह, आईसेक्ट विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गौरव शुक्ला, कुलसचिव डॉ. मुनीष गोविंद और समकुलपति डॉ. एसआर रथ सहित अन्य अतिथियों को पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया।
विश्वविद्यालय के कृषि संकाय के डीन डॉ. अरविंद कुमार, सहायक प्राध्यापिका रुचि कुजूर, जहबी सदका, इंजीनियरिंग विभाग के एचओडी हिमांशु चौधरी, टीपीओ मनोज कुमार और सहायक टीपीओ रमेश अभिषेक सहित अन्य प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नाबार्ड की डीडीएम ऋचा भारती ने कहा कि ग्रामीण युवाओं में उद्यम स्थापित करने और आत्मनिर्भर बनने की अपार क्षमता है। आवश्यकता है कि उन्हें सही जानकारी, उचित मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता और बाजार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने बताया कि नाबार्ड विभिन्न संस्थाओं, बैंकों और सरकारी योजनाओं के समन्वय से ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। ग्राम युवा शक्ति अभियान भी इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
आईसेक्ट विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गौरव शुक्ला ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के प्रति जागरूक करते हैं। कुलसचिव डॉ. मुनीष गोविंद ने वित्तीय संसाधनों और व्यावहारिक मार्गदर्शन को रोजगार सृजन के लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं समकुलपति डॉ. एसआर रथ ने युवाओं से कौशल और आत्मविश्वास के साथ उद्यमी बनने का आह्वान किया।
जिला उद्योग केंद्र के जिला उद्यम समन्वयक श्रीश पति त्रिपाठी ने ग्रामीण उद्यमों के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) की जानकारी दी। अग्रणी जिला प्रबंधक किशोर कुमार ने संस्थागत ऋण, वित्तीय समावेशन और बैंकिंग सहायता से संबंधित पहलुओं को समझाया।
जन जागरण केंद्र के सचिव संजय कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण युवाओं को उचित संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के कृषि संकाय के डीन डॉ. अरविंद कुमार ने युवाओं को कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं कृषि तकनीक एवं स्मार्ट फार्मिंग से जुड़े उद्यमी बिनोद कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को इस क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं से परिचित कराया।
इस दौरान युवाओं के व्यावसायिक विचारों का आकलन किया गया। साथ ही व्यवसाय की संभावनाओं की पहचान, वित्तीय सहायता और भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम का मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन नाबार्ड की डीडीएम ऋचा भारती ने किया।
इस तरह ग्राम युवा शक्ति अभियान 2026 के माध्यम से युवाओं को केवल रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजन करने वाला बनने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित करने की दिशा में ऐसी पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

