Ranchi News : सरकारी स्कूल की छात्राओं ने उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को अपने हाथों से बनाई राखी बांधी, स्टेशनरी किट पाकर छात्राओं के चेहरे पर दिखी खुशी
Ranchi News : रक्षाबंधन के पावन पर्व पर रांची समाहरणालय का माहौल उस वक्त खास हो गया, जब सरकारी स्कूल की छात्राओं ने उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को अपने हाथों से बनाई राखी बांधी। उपायुक्त ने छात्राओं को आशीर्वाद देने के साथ पढ़ाई को लेकर भी प्रोत्साहित किया और स्टेशनरी किट भेंट की।
रांची समाहरणालय में रक्षाबंधन का पर्व आत्मीयता और अपनत्व के साथ मनाया गया। गवर्नमेंट मिडिल स्कूल नवीन आरक्षी की छात्राओं ने समाहरणालय ब्लॉक-ए परिसर में पहुंचकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को हैंडमेड राखी बांधी।
उपायुक्त ने छात्राओं से आत्मीय बातचीत की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों को सशक्त बनाने का सबसे बड़ा माध्यम है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने छात्राओं को पढ़ाई के लिए स्टेशनरी किट भी उपहार स्वरूप भेंट की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सरकारी स्कूलों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल करने में किसी तरह की परेशानी न हो।
रक्षाबंधन के इस अवसर पर छात्राओं ने समाहरणालय में कार्यरत जिला स्तरीय पदाधिकारियों को भी राखी बांधी। मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज समेत संबंधित विद्यालय की शिक्षिका मौजूद रहीं।
राखी के इस खास मौके पर प्रशासन और स्कूली छात्राओं के बीच दिखी यह आत्मीयता शिक्षा, स्नेह और सहयोग का संदेश देती नजर आई।









