Skip to content
Advertisement

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज गिरीडीह आएंगे, हेमंत कल जाएंगे बिहार

zabazshoaib
Advertisement
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज गिरीडीह आएंगे, हेमंत कल जाएंगे बिहार 1

झारखंड में सियासी हलचल बढ़ने लगी है। अगले वर्ष लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनाव होनेवाले हैं। बड़ी जीत के लिए भाजपा के केंद्रीय नेताओं का सघन दौरा झारखंड में अभी से चल रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरुवार को झारखंड के गिरिडीह में जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा के प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेई राज्य का धुआंधार दौरा करने में लगे हैं। बीच-बीच में केंद्रीय मंत्री, दूसरे राज्यों के पूर्व मुख्यमंत्री और सरकार के वर्तमान मंत्री भी झारखंड के दौरे पर पहुंच रहे हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया का झारखंड में कई स्थानों पर सभाएं हुईं। यह सिलसिला पहले चरण में 30 जून तक चलता रहेगा।
दूसरी ओर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों के अलावा राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री लगातार भाजपा पर हमलावर नजर आ रहे हैं। विपक्ष एकता की मुहिम में शामिल हेमंत सोरेन 23 जून को पटना में होनेवाली बैठक में शामिल होने की तैयारी में जुटे हैं। मुख्यमंत्री ने पहले ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर विपक्षी एकता को मजबूत बनाने पर जोर दिया है। वह पटना में 23 जून को होने वाले विपक्षी एकता सम्मेलन में शामिल होंगे।
सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप- प्रत्यारोप का दौर जारी है। दूसरी ओर भाजपा के केंद्रीय नेता एक के बाद एक जनसभाओं में मोदी सरकार की उपलब्धियां गिना रहे हैं तो दूसरी ओर हेमंत सरकार पर भी निशाना साध रहे हैं। मुख्यमंत्री ने हाल में कहा कि 20 वर्षों तक राज कर झारखंड को पिछड़ा बनाने में भाजपा-आजसू ने कोई कसर नहीं छोड़ी। आज विपक्ष में बैठकर झारखंडी विरोधी ये बहरूपिया लोग षड्यंत्र कर रहे हैं। इनके हर षड्यंत्र का एक-एक कर जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 20 साल का जंग अभी आधा हटा है।
मुख्यमंत्री के बयान पर भाजपा विधायक सीपी सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि कहा कि सीएम हेमंत सोरेन को गलतफहमी हो गई है। 2024 के लोकसभा चुनाव में सारी सीटें (14) भाजपा की खाते में होगी। मुख्यमंत्री से अपना घर नहीं संभल रहा है। भाजपा के लाखों कार्यकर्ता मरते दम तक भाजपा में रहेंगे। भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने भी झामुमो पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चाहे जितना जोर लगा लें अगले साल चुनावों में झामुमो को कुछ हासिल नहीं होगा।
दूसरी ओर झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने रिपोर्ट मांगी है कि आखिर झारखंड सरकार कैसे काम कर रही है। उन्हें इस बात का इल्म है झारखंड में भाजपा ने कोई काम नहीं किया और हेमंत सरकार ने जन मुद्दों पर निडर होकर निर्णय लिया है। सरना आदिवासी धर्म कोड, एसटी, एसी, ओबीसी आरक्षण पर हेमंत की पहल को रोकने का काम भाजपा ने किया है।
जेपी नड्डा की जनसभा 22 को सुबह 11 बजे गिरिडीह में
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 22 जून को दिन के 11 बजे गिरिडीह में जनसभा को सम्बोधित करेंगे। नड्डा अब वाया रांची गिरिडीह जाएंगे। जानकारी के अनुसार गिरिडीह में जेपी नड्डा महा जनसंपर्क अभियान को गति प्रदान करने के लिए मोदी सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियों को जनता के बीच रखेंगे और तीसरी बार मोदी सरकार के गठन के लिए जनता से समर्थन मांगेंगे। कार्यक्रम की तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी सहित कई भाजपा नेता गिरिडीह में कैंप किए हुए हैं। मंडल अध्यक्षों के अलावा, सभी मोर्चों के जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, जिला पदाधिकारी और प्रमुख कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारी दी गई है।

Advertisement
Advertisement

Also read: Jharkhand News: राज्यों के आपदा प्रबंधन मंत्रियों के साथ केंद्रीय मंत्री ने की बैठक, झारखंड ने सुखाड़ के लिए केंद्र से मांगे 9600 करोड़

Advertisement
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज गिरीडीह आएंगे, हेमंत कल जाएंगे बिहार 2