Ranchi: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कोल्हान टाईगर चंपाई सोरेन (Champai Soren) के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने की खबरों पर अब विराम लग गया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर यह जानकारी साझा की कि चंपाई सोरेन 30 अगस्त को आधिकारिक रूप से BJP का हिस्सा बनेंगे।
सरमा ने अपने पोस्ट में लिखा, “झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और आदिवासी नेता चंपाई सोरेन जी ने कुछ समय पहले माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी से मुलाकात की। वे आधिकारिक तौर पर 30 अगस्त को रांची में बीजेपी में शामिल होंगे।” उन्होंने इस मुलाकात की तस्वीर भी साझा की, जिसमें सोरेन और शाह की मुलाकात को दर्शाया गया है।
Former Chief Minister of Jharkhand and a distinguished Adivasi leader of our country, @ChampaiSoren Ji met Hon’ble Union Home Minister @AmitShah Ji a short while ago. He will officially join the @BJP4India on 30th August in Ranchi. pic.twitter.com/OOAhpgrvmu
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) August 26, 2024
इससे पहले, चंपाई सोरेन ने अपने राजनीतिक भविष्य पर स्पष्ट किया था कि वे राजनीति से संन्यास नहीं लेंगे और पार्टी को मजबूत करने का काम जारी रखेंगे। उन्होंने अपने संभावित विकल्पों पर चर्चा करते हुए कहा था कि “रिटायरमेंट, संगठन या दोस्त” में से कोई एक रास्ता चुन सकते हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि अगर कोई उपयुक्त राजनीतिक साथी मिलता है, तो वे उसके साथ आगे बढ़ेंगे।
चंपाई सोरेन का BJP में शामिल होना उनके राजनीतिक सफर का एक महत्वपूर्ण मोड़ है। यह निर्णय झारखंड की राजनीति में नए समीकरणों को जन्म दे सकता है। 30 अगस्त को रांची में होने वाले इस कार्यक्रम के बाद चंपाई सोरेन के भविष्य के राजनीतिक कदमों पर पूरे देश की नजरें रहेंगी।