

Jharkhand News : रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखंड स्थापना दिवस के 25वें गौरवशाली वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित “रजत पर्व उत्सव” ने राज्य की कला, संस्कृति और परंपरा को भव्यता के साथ प्रदर्शित किया। मुख्यमंत्री Hemant Soren, विधायक कल्पना सोरेन एवं उनके परिवार ने इस ऐतिहासिक अवसर पर उपस्थिति दर्ज कराते हुए राज्यवासियों के उत्साह को और भी प्रबल किया। पूरा मैदान पारंपरिक लोकधुनों, सांस्कृतिक झलकियों और झारखंडी पहचान के रंग में सराबोर दिखाई दिया। अखरा जगान (झूमर), संथाली, मुंडारी, नागपुरी, पाईका, सरायकेला छऊ एवं मानभूम छऊ जैसी विविध लोकनृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का विशेष अवसर दिया। शास्त्रीय संगीत और लोक कला का यह अनुपम संगम “रजत पर्व उत्सव” के मंच को राज्य की कला-संस्कृति का गौरवशाली केंद्र बना गया।
उत्सव में स्मृति-शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति कार्यक्रम का भावपूर्ण और प्रेरणादायी केंद्र रही। इस नाटक में गुरुजी के संघर्ष, जनसेवा, नेतृत्व क्षमता और झारखंडी समाज के उत्थान हेतु उनके अमूल्य योगदान को अत्यंत प्रभावशाली अभिनय के साथ दर्शाया गया, जिसने पूरे जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। इसके साथ ही ड्रोन शो ने आकाश में झारखंड की ऐतिहासिक यात्रा को मनमोहक अंदाज़ में प्रस्तुत किया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बना। मंच पर “टॉम मुर्मू एंड बैंड”, इंडियन आइडल फेम शगुन पाठक और बॉलीवुड गायिका शिल्पा राव की प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों को मंत्रमुग्ध रखा। कार्यक्रम में मंत्रियों, सांसदों, वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने झारखंड की अस्मिता, एकता और सांस्कृतिक गौरव के इस ऐतिहासिक समारोह को विशेष बना दिया।












