विद्युत उत्पादन की ओर बढ़ेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार अगर राज्य सरकार की बकाया राशि एक लाख 36 हजार करोड़ का भुगतान करें तो राज्यवासियों के कल्याण हेतु कई महत्वपूर्ण कार्य हो सकेंगे। लाखों की संख्या में जरूरतमंदों को आवास, युवाओं की शिक्षा के लिए हजारों की संख्या में कॉलेज, लाखों छात्रों को छात्रवृत्ति समेत अन्य जन कल्याण कार्य राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। केन्द्र सरकार द्वारा बिजली का 1200 करोड़ रुपए झारखण्ड का ले लिया गया और बिजली उपलब्ध कराने में भी कटौती की जाती रही। लेकिन राज्य सरकार जल्द खुद का बिजली संयंत्र लगाने की कार्ययोजना पर आगे बढ़ रही है।
बेटियों की पढ़ाई की चिंता नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की बेटियों को अपने पढ़ाई को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के अतिरिक्त गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ भी सरकार दे रही है। अब उच्च शिक्षा और प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी में योजना सहायक बनेगी। सरकार इस हेतु आर्थिक सहयोग करेगी। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से अबतक सरकार ने करीब आठ लाख किशोरियों को जोड़ा है।
संस्थान प्रखंड स्तर पर स्थापित किए गए
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो संस्थान जिला स्तर पर संचालित होते थे, वैसे संस्थानों को प्रखंड स्तर पर भी संचालित किया जाने लगा है। इसका प्रतिफल है कि कौशल प्राप्त हजारों युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया गया। नियुक्ति प्रक्रिया भी जारी है। आनेवाले दिनों में अन्य नियुक्तियां निकली जाएंगी। नियुक्ति नियमावली की अड़चनों को दूर कर कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर मंत्री श्री आलमगीर आलम, मंत्री श्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री श्रीमती बेबी देवी, गिरिडीह विधायक श्री सुदिव्य कुमार सोनू, गांडेय विधायक डॉ. सरफराज अहमद, बगोदर विधायक श्री विनोद कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री विनय कुमार चौबे, उपायुक्त गिरिडीह, आरक्षी अधीक्षक गिरिडीह एवं हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे।