Skip to content
Giridih News
Giridih News

Giridih News : जाम से निजात पाने के लिए टुंडी रोड से टावर चौक तक बनेगा फ्लाईओवर

Megha Sinha
Giridih News
Giridih News

Giridih News : गिरिडीह शहर के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। शहर की लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने फ्लाईओवर निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (जुडको) की टीम ने शुक्रवार को संभावित स्थल का सर्वे किया और बताया कि फ्लाईओवर टावर चौक से लेकर टुंडी रोड तक बनाया जाएगा। यह गिरिडीह शहर का पहला फ्लाईओवर होगा, जो कालीबाड़ी, मौलाना आजाद चौक, पदम चौक, मुस्लिम बाजार और बड़ा चौक होते हुए गुजरेगा। जुडको टीम में डीपीएम वरुण सौरभ और जेई जितेन्द्र कुमार शामिल थे, जिन्होंने उपनगर प्रशासक प्रशांत कुमार लायक से मुलाकात कर प्रोजेक्ट की रूपरेखा साझा की।

जुडको टीम के अनुसार, यह फ्लाईओवर अगले पांच वर्षों को ध्यान में रखते हुए शहर की भविष्य की जरूरतों को पूरा करेगा। वर्तमान में गिरिडीह की प्रमुख सड़कों की चौड़ाई कम होने के कारण ट्रैफिक जाम आम समस्या बन गई है। फ्लाईओवर बनने के बाद वाहन बिना किसी रुकावट के एक छोर से दूसरे छोर तक आसानी से जा सकेंगे, जिससे शहर में यातायात का प्रवाह बेहतर होगा और लोगों का कीमती समय बचेगा। वहीं नगर निगम ने बताया कि शहर में कल्याणडीह पचंबा से टावर चौक तक फोरलेन सड़क का निर्माण भी जारी है, जो गिरिडीह के लिए विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम साबित होगा।

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर को आधुनिक यातायात व्यवस्था देने की योजना तैयार की जा चुकी है। फ्लाईओवर के साथ-साथ व्हीटी बाजार से जुड़ी सड़क को भी फोरलेन में तब्दील किया जाएगा, वहीं अन्य प्रमुख मार्ग जैसे रज्जाक चौक पचंबा रोड, सर्किट हाउस रोड, और बस स्टैंड रोड का दोहरीकरण भी प्रस्तावित है। प्रशासक प्रशांत कुमार लायक ने बताया कि आने वाले पांच वर्षों में गिरिडीह का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा। शहर के विकास का यह खाका ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा।