
Jharkhand Mining Tourism: रांची। झारखंड अब माइनिंग टूरिज्म की दिशा में एक नए युग की ओर कदम बढ़ा चुका है। सोमवार को रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में झारखंड पर्यटन विकास निगम (JTDC) और सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के बीच खान पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते के तहत राज्य के कोल माइंस क्षेत्रों में पर्यटन स्थलों के विकास, संरक्षित खान भ्रमण मार्गों, संग्रहालय, विजिटर गैलरी और जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की दिशा में संयुक्त प्रयास किए जाएंगे।
समारोह में झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार, पर्यटन निदेशक विजया एन. जाधव, JTDC के प्रबंध निदेशक प्रेम रंजन और CCL के निदेशक नीलेंदु कुमार सिंह मौजूद रहे।

इस मौके पर पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि खनन पर्यटन न केवल हमारे राज्य की औद्योगिक ताकत को प्रदर्शित करेगा, बल्कि पर्यटकों को ऊर्जा क्षेत्र और इसके समृद्ध इतिहास पर एक अनूठा दृष्टिकोण भी प्रदान करेगा। यह झारखंड की दूरदर्शी सोच और साहसी निर्णयों का परिणाम है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह समझौता झारखंड के पर्यटन विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
आगे उन्होंने कहा कि यह साझेदारी विशेष रूप से युवाओं, शोधकर्ताओं और साहसिक पर्यटन प्रेमियों के लिए एक नया रोमांचकारी अनुभव लेकर आएगी। इसके जरिए पर्यटक कोल माइंस की तकनीकी संरचना, कार्य प्रणाली और खनिज विरासत को नजदीक से देख सकेंगे। खनिज संपदा से समृद्ध झारखंड अब अपनी औद्योगिक विरासत और सांस्कृतिक परंपरा के साथ पर्यटन के मानचित्र पर अपनी नई पहचान बनाने के लिए तैयार है।
Jharkhand Mining Tourism: JTDC और CCL के बीच हुए MOU की मुख्य विशेषताएं
- स्थान: प्रारंभिक रूप से यह माइनिंग टूरिज्म उत्तर उरीमारी (North Urimari) माइंस से शुरू होगा एवं भविष्य में अन्य स्थान जोड़े जा सकेंगे।
- अवधि: यह समझौता 5 वर्षों के लिए होगा, जिसे आगे 5 वर्षों के लिए बढ़ाया जा सकता है।
- पर्यटन संचालन: JTDC पर्यटकों की बुकिंग करेगा और प्रति सप्ताह दो दिन खनन पर्यटन की सुविधा प्रदान करेगा। समूह आकार 10-20 व्यक्तियों का होगा।
- सुरक्षा और नियमावली: सभी पर्यटकों को खनन में प्रवेश से पूर्व CCL के नियमों, सुरक्षा निर्देशों एवं स्वास्थ्य मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा। CCL द्वारा प्रवेश की अनुमति अंतिम रूप से दी जाएगी।
- गाइड सुविधा: CCL पर्यटकों को खनन की कार्यप्रणाली समझाने के लिए गाइड उपलब्ध कराएगा।
- सहयोग: JTDC खनन पर्यटन का प्रचार-प्रसार करेगा; वहीं CCL आवश्यकतानुसार सहयोग प्रदान करेगा।
