Jharkhand News: रांची स्थित कांके रोड मुख्यमंत्री आवास में आज एक विशेष मुलाकात हुई, जब बॉलीवुड की मशहूर गायिका और जमशेदपुर की बेटी शिल्पा राव मुख्यमंत्री Hemant Soren और विधायक कल्पना सोरेन से मिलने पहुंचीं। मुख्यमंत्री Hemant Soren ने 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्वगायिका के सम्मान से नवाजी जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि झारखंड की बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। यह सम्मान केवल शिल्पा राव का ही नहीं बल्कि पूरे राज्य का गौरव है।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मुलाकात के दौरान कहा कि शिल्पा राव जैसी प्रतिभाशाली कलाकारों की सफलता राज्य की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने उल्लेख किया कि जिस तरह से झारखंड की धरती ने खेल, संगीत और कला जगत में एक से बढ़कर एक प्रतिभाएं दी हैं, उसी तरह भविष्य में भी यह सिलसिला जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि शिल्पा राव अपने सुरों की दुनिया से देश-विदेश में झारखंड की पहचान को और अधिक मजबूत करेंगी।
इस मुलाकात के दौरान शिल्पा राव ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस तरह एक छोटे शहर से निकलकर उन्होंने संगीत की दुनिया में कदम रखा और धीरे-धीरे बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई। शिल्पा ने कहा कि नेशनल अवॉर्ड मिलना उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है, और यह सम्मान उन्हें और भी मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने इस मौके पर झारखंड की धरती और यहां के लोगों के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।
विधायक कल्पना सोरेन ने भी शिल्पा राव को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से न केवल जमशेदपुर बल्कि पूरा झारखंड गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाशाली बेटियों पर राज्य को गर्व है। इस अवसर पर माहौल बेहद आत्मीय और गर्व से भरा हुआ था। यह मुलाकात न केवल एक सम्मानजनक अवसर बनी, बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक पहचान और प्रतिभाओं के योगदान को भी उजागर करने का एक सुनहरा पल साबित हुआ।