

Jharkhand News : झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक बारिश, बादल और मेघ गर्जन का पूर्वानुमान जारी किया है। शनिवार से ही मौसम में बदलाव के संकेत दिखाई देने लगे हैं। उत्तर-पूर्वी जिलों—देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज—में आज से बारिश और ठंडी हवाओं का असर महसूस किया जा सकता है। वहीं, पश्चिमी और दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा और आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 26 से 30 अक्टूबर के बीच राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। राजधानी रांची में भी सुबह के समय कोहरे की चादर और दिन में बदलते आसमान का नजारा देखने को मिल रहा है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बने लो-प्रेशर एरिया की वजह से हो रहा है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में डिप्रेशन का रूप ले सकता है। अनुमान है कि 26 अक्टूबर को यह दक्षिण-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर पहुंच जाएगा और 27 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान का रूप भी धारण कर सकता है। इस सिस्टम का असर झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा पर स्पष्ट रूप से देखा जाएगा। मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल झारखंड में बदलते मौसम ने ठंड के आगमन की आहट दे दी है।




