Skip to content
Jharkhand Weather Update
Jharkhand Weather Update

Jharkhand Weather Update: मोंथा चक्रवात से बदला मौसम का मिजाज, झारखंड में बारिश और ठंड का असर बढ़ा

Megha Sinha
Jharkhand Weather Update
Jharkhand Weather Update

Jharkhand Weather Update : मोंथा चक्रवात के प्रभाव से झारखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। रांची, गिरिडीह, दुमका, देवघर और जामताड़ा समेत कई जिलों में रिमझिम बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने लगी हैं। राजधानी रांची में गुरुवार की सुबह चुटुपालु घाटी कोहरे की चादर में लिपटी रही, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और शुष्क मौसम के बाद अब बारिश ने लोगों को हल्की ठंड का अहसास कराना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 अक्टूबर से 1 नवंबर तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहेगी, जबकि उत्तर-पूर्वी जिलों में मेघगर्जन और भारी वर्षा की संभावना है। इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पश्चिम सिंहभूम के सोनुआ में सबसे अधिक 75 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

लगातार हो रही बारिश और ठंडी हवाओं ने पूरे राज्य में ठंड की दस्तक दे दी है। सुबह और रात में कोहरे और धुंध का असर देखने को मिल रहा है। लोगों ने अब गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं, खासकर ग्रामीण इलाकों में शाम ढलते ही सिहरन का अनुभव किया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा। राज्य के कई जिलों में किसानों को वर्षा से राहत मिली है, लेकिन साथ ही सब्जी और फल उत्पादन पर इसका असर पड़ सकता है। फिलहाल, रांची समेत पूरे झारखंड में मौसम सुहावना बना हुआ है, जिससे लोगों के बीच सर्दियों के आगमन को लेकर उत्साह बढ़ गया है।