

Koderma की लोकप्रिय विधायक और झारखंड की पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. नीरा यादव को एक और बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (Commonwealth Parliamentary Association) की झारखंड शाखा की कार्यकारिणी समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह नियुक्ति राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की नियमावली 2001 के तहत की गई है, जिसमें झारखंड विधान सभा के अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो को सभापति और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को उपसभापति बनाया गया है। साथ ही विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी, विधायक नवीन जायसवाल, दशरथ गागराई, अनंत प्रताप देव और ममता देवी को भी सदस्य बनाया गया है।
डॉ. नीरा यादव की इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को लेकर कोडरमा क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल है। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी है और इसे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया है। डॉ. यादव ने हमेशा शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास को प्राथमिकता दी है। उनके कार्यों और नेतृत्व को देखते हुए यह नियुक्ति न केवल उनके लिए बल्कि झारखंड की राजनीति के लिए भी एक सकारात्मक संकेत है।
राष्ट्रमंडल संसदीय संघ, झारखंड शाखा की कार्यकारिणी समिति की बैठक 25 जुलाई को विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय कक्ष में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन, जो ब्रिजटाऊन, बारबाडोस में होने वाला है, उससे संबंधित मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। इस बैठक के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की भागीदारी को सशक्त और प्रभावी बनाने की दिशा में पहल की जाएगी।
डॉ. नीरा यादव की इस नई भूमिका से यह उम्मीद जताई जा रही है कि वे झारखंड की आवाज को राष्ट्रमंडल संसदीय मंच पर मजबूती से उठाएंगी। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से राज्य को वैश्विक संवाद और सहयोग के अवसर मिल सकते हैं। कोडरमा और झारखंड के विकास में यह कदम एक नई दिशा प्रदान कर सकता है।




