

Koderma News : झारखंड के कोडरमा जिले में जंगली हाथियों का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। बुधवार देर रात हाथी के हमले में एक महिला और एक पुरुष की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद मरियमपुर और बोनाकाली इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
Koderma News : प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 9 बजे मरियमपुर के पास एक हाथी देखा गया। इसके बाद हाथी मरियमपुर स्थित बिरहोर टोला में घुस आया, जहां उसने सबसे पहले 55 वर्षीय मनिया बिरहोरणी (पिता- मांगर बिरहोर) को कुचलकर मार डाला। वहीं आरती बिरहोरणी नामक महिला को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

महिला की मौत के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह हाथी को गांव से भगाया, लेकिन खतरा यहीं खत्म नहीं हुआ। हाथी वहां से निकलकर बोनाकाली की ओर बढ़ गया और बोनाकाली महिला कॉलेज के पास 40 वर्षीय बालेश्वर सोरेन (पिता- छोटका सोरेन) को भी कुचलकर मार डाला।
बताया जा रहा है कि इसके बाद हाथी फॉरेस्ट गेस्ट हाउस तक पहुंच गया, जहां उसने बाउंड्री वॉल के मुख्य गेट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। लगातार हो रही इन घटनाओं से कोडरमा नगर पंचायत क्षेत्र के बोनाकाली और मरियमपुर में भय का माहौल है। लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथी को ज्यादा दूर तक खदेड़ने में सफल नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग के पास पर्याप्त संसाधनों का अभाव है और टीम सिर्फ टॉर्च के सहारे हाथियों को भगाने का प्रयास करती रही, जो नाकाफी साबित हुआ।

ग्रामीणों के अनुसार, इलाके में कुल तीन हाथी घूम रहे हैं। इनमें से एक हाथी अभी भी मरियमपुर से सटे जंगल में छिपा हुआ है, जबकि हाथियों का एक झुंड बागीटांड और कोडरमा घाटी के जंगलों में देखा गया है। ऐसे में कभी भी फिर से हमले की आशंका बनी हुई है।
फिलहाल पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय लोग वन विभाग और प्रशासन से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि इस बढ़ते खतरे से लोगों की जान बचाई जा सके।