झारखंड में पहली बार एक साथ 24 राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी आईपीएस में प्रोन्नत हुए
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड के इतिहास में पहली बार यह क्षण आया है जब इतनी बड़ी संख्या में राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी भारतीय पुलिस सेवा में प्रोन्नत हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय पुलिस सेवा में प्रोन्नत हुए 24 अधिकारियों में से दो ऐसी महिला अधिकारी सरोजिनी लकड़ा एवं अमेल्डा एक्का हैं, जो महज कॉन्स्टेबल पद से आईपीएस बनने तक का लम्बा सफर तय किया है। इन दोनों महिला आईपीएस अधिकारियों का सफर राज्य पुलिस कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत एवं मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य में लगभग 158 आईपीएस के पद निर्धारित हैं, जिसमें से 110 पद सीधे यूपीएससी से रिक्रूट होते हैं वहीं 48 पदों पर राज्य पुलिस सेवा के पदाधिकारी प्रोन्नत होकर आईपीएस सेवा में शामिल होते हैं। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि आज जो नव प्रोन्नत 24 आईपीएस अधिकारी राज्य को मिल रहे हैं, ये झारखंड में विधि-व्यवस्था संधारण में मजबूती लाने के साथ-साथ पुलिस विभाग में अधिकारियों की कमी को कुछ हद तक भरने में सहायता प्रदान करेंगे।
![राज्य पुलिस सेवा के 24 अधिकारियों का आईपीएस बनने का सपना पूरा हुआ, सीएम हेमन्त सोरेन ने बैच लगाकर किया सम्मानित 2 राज्य पुलिस सेवा के 24 अधिकारियों का आईपीएस बनने का सपना पूरा हुआ, सीएम हेमन्त सोरेन ने बैच लगाकर किया सम्मानित 2](https://thenewskhazana.com/wp-content/uploads/2023/07/FB_IMG_1690232145299-1024x683.jpg)
राज्य सरकार के कर्मियों को उनका हक-अधिकार देने का काम कर रहे हैं
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार ने शुरुआती दिनों से ही राज्य में विभिन्न सेवा के कर्मियों एवं पदाधिकारियों को उनके हक और अधिकार देने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई संवर्गों में तो लोग प्रभारी के रूप में कार्य करते-करते सेवानिवृत्त हो गए और उनके प्रोन्नति से संबंधित फाइलें रुकीं रह गईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रोन्नति से संबंधित समस्याओं को निपटाने का काम किया है। अब राज्य सरकार के कर्मियों को नियमानुसार प्रोन्नति मिलनी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री ने नव प्रोन्नत भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों से कहा कि आप अपने कर्म क्षेत्र में निर्भीक होकर जिम्मेदारी का निर्वहन करें, राज्य सरकार झारखंड की आम जनमानस के साथ-साथ सरकार के अधिकारियों का भी मान-सम्मान एवं अधिकार का पूरा ख्याल रखेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने सरकारी कर्मियों को पुरानी पेंशन की सौगात दी है। हमारे राज्य में कुछ ऐसे सरकारी कर्मी हैं जो अब रिटायरमेंट के कगार पर हैं और वे काफी खुश और उत्सुक दिख रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि राज्य सरकार अब उन्हें पुरानी पेंशन का लाभ देगी, जो बुढ़ापे की लाठी के रूप में सेवानिवृत्त कर्मियों को जीवन भर सहायता करेगी।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पिपिंग समारोह में नव प्रोन्नत 24 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों को बैज लगाकर सम्मानित किया
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन द्वारा बैज लगाकर सम्मानित होने वाले नवप्रोन्नत भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों मे सरोजिनी लकड़ा, एमेल्डा एक्का, सादिक अनवर रिजवी, अरविंद कुमार सिंह, विकास कुमार पांडेय और श्री विजय आशीष कुजूर (सभी 2017 बैच), श्री दीपक कुमार शर्मा, श्री राजकुमार मेहता, शंभू कुमार सिंह, अजय कुमार सिन्हा, अनुदीप सिंह, पूज्य प्रकाश, सहदेव साव, अमित कुमार सिंह, अजीत कुमार, मुकेश कुमार, दीपक कुमार पांडेय और अनिमेष नैथानी (सभी बैच 2019),अजय कुमार-I, आरिफ एकराम, डॉ. विमल कुमार, मनीष टोप्पो, कैलाश करमाली और पीतांबर सिंह खेरवार (सभी बैच 2020) शामिल थे।
इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, अपर मुख्य सचिव गृह विभाग अविनाश कुमार, डीजीपी अजय कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) अनुराग गुप्ता, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे सहित भारतीय पुलिस सेवा के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं नव प्रोन्नत 24 भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों के परिजन उपस्थित थे।