
Jharkhand Cricket Team ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी-2025 जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने टीम के सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को बधाई दी और राज्य में खेल विकास पर जोर दिया।
Jharkhand Cricket Team ने आज सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी-2025 जीतकर इतिहास रच दिया। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज टीम के सदस्यों की मुलाकात हुई, जिसमें टीम के कप्तान और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ईशान किशन ने विजेता ट्रॉफी मुख्यमंत्री को सांकेतिक रूप से सौंपकर जीत का जश्न मनाया। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सभी खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और जेएससीए को बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन और मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद थे। सभी खिलाड़ियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि सैयद मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में जीतकर झारखंड ने डोमेस्टिक क्रिकेट में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण भी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में ऐसी जीत से राज्य में खेलों को बढ़ावा मिलेगा। क्रिकेट के अलावा झारखंड के हॉकी और तीरंदाजी खिलाड़ियों ने भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर शानदार प्रदर्शन किया है।
मुख्यमंत्री ने राज्य में खेलों के इकोसिस्टम को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेलों का ऐसा वातावरण तैयार करना जरूरी है, जिसमें प्रतिभावान खिलाड़ी आगे आएं और अपनी क्षमता को निखार सकें। इसके लिए स्कूल और कॉलेज स्तर पर खेलों को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस दिशा में हर संभव सहयोग करेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जेएससीए से कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में खेल एसोसिएशन की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सुझाव दिया कि खिलाड़ियों को विदेशों में खेलने और प्रशिक्षण का अवसर दिया जाए। इससे खिलाड़ी विभिन्न परिस्थितियों में खेलने का अनुभव प्राप्त करेंगे और उनका प्रदर्शन और भी बेहतर होगा।
मुख्यमंत्री ने परंपरागत खेलों पर भी ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि क्रिकेट, हॉकी और फुटबॉल के साथ-साथ परंपरागत खेल भी अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय हो रहे हैं। यदि कोई युवा खिलाड़ी खेलों में अपना भविष्य बनाना चाहता है, तो इसके लिए कई अवसर उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने में सरकार हर संभव सहयोग के लिए तत्पर है।
झारखंड में खेल प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन पर मुख्यमंत्री ने विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक विभिन्न खेलों के लिए प्रतियोगिताएं नियमित रूप से आयोजित की जानी चाहिए। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा और राज्य के कई होनहार खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।
इस अवसर पर जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, सचिव सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम और अन्य सदस्य, झारखंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा, “हमें झारखंड को खेलों की दुनिया में एक ऐसा राज्य बनाना है, जो पूरे देश में अपनी मजबूत और दमदार दावेदारी पेश कर सके।”
