Skip to content

नन्हें शेर शावक का भगवान बिरसा जैविक उद्यान राँची में हार्दिक स्वागत, दर्शक कर सकेंगे दीदार

zabazshoaib

Ranchi: भगवान बिरसा जैविक उद्यान के लिए यह एक खुशी का मौका है। उद्यान में एशियाई शेर के एक नन्हें शावक का जन्म हुआ है, जो अब करीब चार माह का हो चुका है। शावक के स्वस्थ होने के बाद अब दर्शक भी उसका दीदार कर सकेंगे।

उद्यान के निदेशक जब्बार सिंह ने बताया कि पहले यहां मौजूद एशियाई और हाइब्रिड शेरों के निधन के कारण शेर का बाड़ा खाली हो गया था। इसके बाद विशेष प्रयासों के तहत नंदनवन जू एंड जंगल सफ़ारी से एशियाई शेरों का एक जोड़ा लाया गया। नर शेर ‘अभय’ और मादा ‘सबरी’ को 16 जून 2025 को उद्यान में स्थापित किया गया था।

उन्होंने बताया कि 12 अगस्त 2025 को दोनों का सफलतापूर्वक मिलन कराया गया, जिसके बाद 28 नवंबर 2025 को मादा ‘सबरी’ ने एक शावक को जन्म दिया। जन्म के लगभग 10 दिन बाद शावक की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके चलते उसे माँ से अलग कर पशु अस्पताल में विशेष देखरेख में रखा गया।

वन विभाग के अधिकारियों, पशु चिकित्सकों और कर्मियों के लगातार प्रयासों से अब शावक पूरी तरह स्वस्थ है और धीरे-धीरे बढ़ रही है। फिलहाल उसे उसकी माँ के पास स्थित नर्सरी में रखा गया है, जहां उसकी नियमित निगरानी की जा रही है।

दर्शकों के लिए शावक को देखने हेतु विशेष व्यवस्था की गई है। जू परिसर में टीवी स्क्रीन लगाई गई है, जिसके माध्यम से सीसीटीवी फुटेज के जरिए शावक का दीदार कराया जाएगा।

इस मौके पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।