Skip to content
WEF Davos 2026
WEF Davos 2026

WEF Davos 2026: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का वैश्विक मंच से संकल्प, झारखंड को बनाएंगे अग्रणी निवेश राज्य

Megha Sinha
WEF Davos 2026
WEF Davos 2026

WEF Davos 2026 : दावोस से एक्स पर ट्वीट कर मुख्यमंत्री ने झारखंडवासियों को दिया संदेश, विदेशी निवेश और युवा सशक्तिकरण पर रखा फोकस

WEF Davos 2026 : वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भारत के पहले आदिवासी नेता के रूप में भाग लेकर झारखंड को वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने का संकल्प दोहराया।

WEF Davos 2026 : वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के वैश्विक मंच से झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने राज्य के उज्ज्वल भविष्य का स्पष्ट और मजबूत संदेश दिया है। दावोस से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे झारखंड के पुरखों और बाबा दिशोम गुरुजी के सपनों को साकार करने के उद्देश्य से इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचे हैं। उनका लक्ष्य युवा झारखंड को देश और दुनिया में एक अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करना है।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन इन दिनों झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष सह विधायक श्रीमती कल्पना मुर्मू सोरेन और राज्य के वरीय अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ दावोस/स्विट्जरलैंड की यात्रा पर हैं। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य झारखंड में विदेशी निवेश की संभावनाओं को तलाशना और राज्य के लिए नए औद्योगिक अवसरों के द्वार खोलना है।

WEF Davos 2026 : झारखंड के लिए गौरव का क्षण

20 जनवरी को आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भारत के पहले आदिवासी नेता के रूप में भाग लिया। उनके नेतृत्व और झारखंड में किए गए परिवर्तनकारी कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रतिष्ठित व्हाइट बैज से सम्मानित किया गया। इस सम्मान को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे झारखंड और झारखंडवासियों का सम्मान है। उन्होंने राज्य की जनता को इसके लिए हार्दिक बधाई दी।

WEF Davos 2026 : दावोस से झारखंडवासियों के नाम संदेश

मुख्यमंत्री ने एक्स पर साझा किए गए संदेश में लिखा कि दावोस यात्रा का उद्देश्य केवल बैठकों तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के युवाओं के लिए नए अवसरों का निर्माण करना है। उन्होंने कहा, “झारखंड आगे बढ़ेगा, तो हमारे राज्यवासी भी आगे बढ़ेंगे।” मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम का यह मंच झारखंड को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर है।

WEF Davos 2026 : निवेश की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा

दावोस में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की कई प्रमुख औद्योगिक समूहों और वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें हुई हैं। इनमें टाटा स्टील, हिताची, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, इंफोसिस, वेलस्पन, एबी इनबेव, ब्लूमबर्ग, टेक महिंद्रा, अल्फानार, रामकी ग्रुप और एवरस्टोन ग्रुप जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा स्वीडन, अमेरिका और यूरोप की व्यापार परिषदों एवं संस्थानों के प्रमुखों के साथ भी विचार-विमर्श हुआ है।

इन बैठकों में झारखंड में हरित ऊर्जा, टिकाऊ उद्योग, महत्वपूर्ण खनिज, आधुनिक बुनियादी ढांचा, डिजिटल तकनीक और जलवायु-अनुकूल औद्योगिक विकास जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को आश्वस्त किया कि झारखंड सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल नीतियों और पारदर्शी प्रशासन के साथ हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।

युवा झारखंड के लिए नई दिशा

दावोस से मुख्यमंत्री का यह संदेश साफ है कि झारखंड अब केवल संसाधनों का राज्य नहीं, बल्कि अवसरों और नवाचार का केंद्र बनने की ओर अग्रसर है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में हुई चर्चाएं आने वाले समय में झारखंड के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति देने वाली साबित हो सकती हैं।