
World Economic Forum : झारखण्ड के अगले 25 वर्षों के विकास विज़न और वैश्विक सहभागिता पर हुई ऐतिहासिक चर्चा
World Economic Forum : वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ब्लूमबर्ग एशिया-पैसिफिक मीडिया से संवाद कर झारखण्ड के 25 वर्षीय विकास विज़न, ग्रीन इंडस्ट्रियल ग्रोथ, निवेश और वैश्विक सहभागिता की रणनीति साझा की।

World Economic Forum : वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के दौरान झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया समूह ब्लूमबर्ग एशिया-पैसिफिक की मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीता राजन के साथ एक महत्वपूर्ण और विस्तृत संवाद किया। इस बातचीत में झारखण्ड की वैश्विक मंच पर बढ़ती भूमिका, राज्य की विकास प्राथमिकताएँ और आने वाले अगले 25 वर्षों के दीर्घकालिक विकास विज़न पर व्यापक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखण्ड एक युवा राज्य है, जो पहली बार World Economic Forum दावोस जैसे प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर अपने सामर्थ्य, संभावनाओं और दूरदर्शी विज़न के साथ मजबूती से उपस्थित हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखण्ड अब केवल खनिज-आधारित अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य ग्रीन इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट, क्रिटिकल मिनरल्स, स्वच्छ ऊर्जा, मानव संसाधन विकास और समावेशी आर्थिक वृद्धि जैसे क्षेत्रों में नई पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार अगले 25 वर्षों के लिए एक संतुलित, टिकाऊ और रोजगार-केंद्रित विकास मॉडल पर कार्य कर रही है। इस मॉडल का उद्देश्य आर्थिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समावेशन को भी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इस दीर्घकालिक विज़न में वैश्विक निवेश, आधुनिक तकनीक का हस्तांतरण और अंतरराष्ट्रीय संस्थागत साझेदारियाँ निर्णायक भूमिका निभाएंगी।
संवाद के दौरान ब्लूमबर्ग एशिया-पैसिफिक के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि ब्लूमबर्ग द्वारा आगामी अक्टूबर माह में भारत में एक ग्लोबल स्पेशल राउंडटेबल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस उच्चस्तरीय कार्यक्रम में फॉर्च्यून 500 कंपनियों के शीर्ष अधिकारी, वैश्विक उद्योग जगत के नेता, नीति-निर्माता और न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर सहित कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय हस्तियाँ भाग लेंगी।

ब्लूमबर्ग एशिया-पैसिफिक की मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीता राजन ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को इस राउंडटेबल कार्यक्रम में औपचारिक रूप से भाग लेने का आमंत्रण दिया। उन्होंने झारखण्ड के विकास एजेंडे, निवेश संभावनाओं और ग्रीन ग्रोथ मॉडल को वैश्विक नेतृत्व के समक्ष प्रस्तुत करने में विशेष रुचि व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने इस आमंत्रण का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे वैश्विक मंच झारखण्ड को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों, नीति-निर्माताओं और उद्योग जगत के सामने अपनी विकास यात्रा प्रस्तुत करने का सशक्त अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि झारखण्ड सरकार पारदर्शी नीतियों, स्थिर शासन और निवेश-अनुकूल वातावरण के माध्यम से राज्य को भारत के उभरते विकास केंद्रों में अग्रणी स्थान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि ब्लूमबर्ग एशिया-पैसिफिक मीडिया, ब्लूमबर्ग मीडिया के वैश्विक नेटवर्क का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में व्यापार, वित्त और बाज़ार से जुड़ी विश्वसनीय सूचनाएँ टीवी, डिजिटल, प्रिंट और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के माध्यम से उपलब्ध कराता है। मुख्यमंत्री ने इस संवाद को झारखण्ड के लिए वैश्विक पहचान, निवेश आकर्षण और विकास साझेदारियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया।
